जुलाई माह में विम्स हॉस्पिटल द्वारा निशुल्क सुविधा की जानकारी देते आयोजक
मेरठ। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में वेंक्टेश्वरा समूह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जरूरतमंद मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की घोषणा की है। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित वेंक्टेश्वरा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल विम्स (VIMS) में आगामी 6 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक सभी प्रकार के उपचार, छोटे-बड़े एवं जटिल ऑपरेशन, मेडिकल जांच, दवाइयां, भर्ती, रहने और भोजन की सुविधा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
यह घोषणा वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरी के निर्देश पर आयोजित प्रेस वार्ता में की गई। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में प्रधानमंत्री के “स्वस्थ भारत–आरोग्य भारत” मिशन को सफल बनाना है तो केवल एक दिन चिकित्सक दिवस पर मुफ्त इलाज देना पर्याप्त नहीं है। देश के बड़े अस्पतालों को भी वर्ष में कम से कम एक माह जरूरतमंद मरीजों के लिए पूर्णतः निशुल्क उपचार उपलब्ध कराना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक जनपद के बड़े अस्पताल इस प्रकार की सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं, तो आर्थिक अभाव के कारण किसी भी मरीज को उपचार से वंचित नहीं होना पड़ेगा और इलाज के अभाव में होने वाली मौतों पर भी काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। इसी सोच के साथ वेंक्टेश्वरा समूह ने प्रत्येक वर्ष जुलाई माह में एक माह तक पूर्ण निशुल्क उपचार उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
प्रेस वार्ता में वेंक्टेश्वरा समूह के प्रतिकुलाधिपति एवं संस्थापक अध्यक्ष के आधिकारिक प्रतिनिधि डॉ. राजीव त्यागी ने बताया कि यह विशेष सेवा इस वर्ष 6 जुलाई (सोमवार) से प्रारंभ होकर 31 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। इस दौरान मेरठ एवं मुरादाबाद मंडल सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जरूरतमंद मरीज इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत मरीजों को अस्पताल में निशुल्क भर्ती, एक्स-रे, ईसीजी, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य आवश्यक जांचें, रक्त, मूत्र, मल एवं बलगम की जांच, सभी प्रकार की सामान्य एवं जटिल सर्जरी, ऑपरेशन, दवाइयां, अस्पताल में रहने तथा भोजन की सुविधा बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि वेंक्टेश्वरा समूह का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देकर उन्हें स्वस्थ जीवन प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि यदि देश के अन्य बड़े चिकित्सा संस्थान भी इस प्रकार की पहल करें, तो आर्थिक तंगी किसी भी मरीज के इलाज में बाधा नहीं बनेगी।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. कृष्ण कान्त दवे, डीन मेडिकल डॉ. प्रभु एम.एच., मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. शिरीष पाटिल, एडिशनल मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अमित जैन, हॉस्पिटल चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर मेघा सबरवाल, डॉ. मोहम्मद असलम, डॉ. राजेश बंसल, डॉ. रूचि पटवर्द्धन, डॉ. रश्मि बंसल, डॉ. सचिन अहलावत, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. विशाल, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. किशोर, डॉ. एस.पी. बिट्ल, डॉ. नीलम, डॉ. सेल्वा कुमार, मेरठ परिसर के निदेशक डॉ. पंकज चौधरी तथा मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित अस्पताल के अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
वेंक्टेश्वरा समूह की यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि समाज सेवा और जनकल्याण की भावना से प्रेरित होकर भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।