"एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जन समर्थन देते ग्रामीण
मेरठ। वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत चलाए जा रहे ‘वृक्षारोपण महायज्ञ – एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शनिवार को मेरठ जनपद के विभिन्न विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।
वन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रमों के अंतर्गत ए.एस. इंटर कॉलेज, मवाना तथा स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रसिद्ध जादूगर वी. सम्राट ने अपनी अनूठी प्रस्तुति के माध्यम से छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
इसी क्रम में बी.पी. इंटर कॉलेज, भराला में एक पर्यावरण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष शिव कुमार राणा, मंदिरपाल सिंह एवं मनिंदर विहार ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है।
सारंगपुर वन ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत परीक्षितगढ़ के अध्यक्ष हिटलर त्यागी ने पौधारोपण किया और ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने अमरूद, शीशम, अर्जुन और जामुन जैसी उपयोगी एवं पर्यावरण हितैषी प्रजातियों के पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि को सिन्दूर के पौधे भी भेंट किए।
वहीं राइजिंग सन पब्लिक स्कूल, दिलवारा (रोहटा) में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती रेखा देवी की अध्यक्षता में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं और इनके बिना स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की शपथ भी दिलाई।
प्रभागीय निदेशक मेरठ सुश्री वंदना ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय, रोहटा, शांति पब्लिक स्कूल, बागपत रोड मेरठ, ए.एस. इंटर कॉलेज, मवाना तथा नवजीवन स्कूल, बहसूमा में ‘गुठली बैंक’ की स्थापना की गई है।
उन्होंने बताया कि गुठली बैंक के माध्यम से विद्यालयों में एक विशेष पात्र (पॉट) में विभिन्न फलों की गुठलियां एकत्र की जाएंगी। इनसे उच्च गुणवत्ता वाले पौधे तैयार किए जाएंगे, जिनका उपयोग भविष्य में वृक्षारोपण अभियानों में किया जाएगा। इस पहल से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यवहारिक जागरूकता विकसित होगी और वे पौधों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।
प्रभागीय निदेशक ने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से भी इस अभिनव पहल में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से अधिक से अधिक फलदार पौधों का रोपण करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
वन विभाग ने आमजन से भी अपील की कि वे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर पौधारोपण करें और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें।