रोटरी क्लब का अधिष्ठापन समारोह संपन्न
मेरठ । रोटरी क्लब मेरठ कैंट का वार्षिक अधिष्ठापन समारोह रविवार को शहर के होटल हार्मोनी इन में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन पायल गौड़ मुख्य अतिथि तथा रो सागर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोटेरियन पायल गौड़ एवं विशिष्ट अतिथि रो सागर शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष (आईपीपी) एवं पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन सपन सोढ़ी एडवोकेट ने वर्ष 2026-27 के लिए नवगठित टीम को औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। नई कार्यकारिणी में रोटेरियन डॉ. गौरव दत्ता ने अध्यक्ष, रोटेरियन विकास मित्तल ने सचिव तथा रोटेरियन राकेश बाटला ने कोषाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
समारोह का संचालन रोटेरियन नीरज नारंग ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम के दौरान त्रिवेणी दत्ता ने मुख्य अतिथि रोटेरियन पायल गौड़ का परिचय उपस्थित सदस्यों से कराया। इसके उपरांत डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पायल गौड़ ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा भाव के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन पायल गौड़ तथा वरिष्ठ रोटेरियन श्रीमती निर्मल रामदास ने नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. गौरव दत्ता को अध्यक्षीय कॉलर पहनाकर सम्मानित किया और नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम समाज सेवा के क्षेत्र में क्लब की परंपराओं को और अधिक सशक्त बनाएगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. गौरव दत्ता ने अपने संबोधन में आगामी वर्ष के लिए क्लब की प्रस्तावित सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने क्लब के सभी वरिष्ठ एवं सक्रिय सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा से जुड़े अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य अतिथि रोटेरियन पायल गौड़ ने इस अवसर पर क्लब के नए सत्र के बुलेटिन का विमोचन भी किया। उन्होंने रोटरी क्लब मेरठ कैंट द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को पटका पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान एन. सविता सोढ़ी, एन. शालिनी सोढ़ी, एन. आराधना मित्तल तथा कु. तेजस्विनी दत्ता ने क्लब की सभी ऐनीस का मुख्य अतिथि से परिचय कराया। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसके बाद सभी सदस्यों ने सांध्यकालीन अल्पाहार एवं रात्रि भोज का आनंद लिया।
समारोह में क्लब के वरिष्ठ सदस्यों एवं गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इनमें एडवोकेट विपिन सोढ़ी, बी.के. त्रिखा, सुनील अरोड़ा, बी.बी. गुप्ता, राम बाबू, राजेश मित्तल, जसबीर नय्यर, डॉ. रविकांत कक्कड़, सुरेश सज्जनहार, देवेंद्र सेठी, सनी कुकरेजा, सुनील पाली, मनमोहन रामदास, देवेंद्र बांगा, राजीव वाधवा, संजीव सरीन, डॉ. संजय गांधी, विजय नंदा सहित बड़ी संख्या में रोटरी क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब मेरठ कैंट के इस अधिष्ठापन समारोह में नई कार्यकारिणी ने समाज सेवा, मानवीय मूल्यों और जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह उत्साह, सम्मान और संगठनात्मक एकता का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ।