भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि करते भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन
लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन रविवार को लखनऊ में आयोजित अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर भाजपा को विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र और बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और उसी के परिश्रम से भाजपा लगातार नई सफलताएं प्राप्त कर रही है। सम्मेलन से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गोमती नगर स्थित होटल ताज में एनडीए गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक की तथा इसके बाद बसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भ्रमण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
2027 में हर बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह यह स्पष्ट कर रहा है कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र संयोजकों की मेहनत और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल एक राज्य नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आत्मा है। प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि, ऋषि-मुनियों और संतों की यह भूमि पूरे विश्व को मार्गदर्शन देने वाली रही है। भाजपा इसी सांस्कृतिक विरासत और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल को बताया नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा नितिन नबीन ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमाओं वाला यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और विरासत दोनों को समान महत्व दिया जा रहा है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी सोच को उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ा रहे हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर तुष्टिकरण, परिवारवाद और समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा “नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट” के सिद्धांत पर कार्य करती है जबकि विपक्ष केवल सत्ता के लिए समाज को विभाजित करने का प्रयास करता है उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया, गुंडाराज और भ्रष्टाचार का बोलबाला था, लेकिन भाजपा सरकार ने प्रदेश से माफिया संस्कृति को समाप्त कर कानून का राज स्थापित किया।मोदी सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, महिला, किसान और युवाओं के लिए अनेक योजनाएं चलाई गईं। जनधन खातों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी धन बीच में ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, लेकिन अब प्रत्येक रुपया सीधे जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान, लखपति दीदी योजना, शौचालय निर्माण और गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा दोनों प्रदान किए हैं।
विरासत और आस्था की रक्षा का संकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने देश की आस्था और विरासत को सम्मान दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि जिन लोगों ने कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे, वही आज आस्था की राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आस्था और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।
अनुच्छेद 370 और राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख
नितिन नबीन ने अनुच्छेद 370 हटाने को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में नया युग शुरू हुआ है। उन्होंने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक समय लाल चौक पर तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, लेकिन आज पूरा देश गर्व के साथ राष्ट्रध्वज का सम्मान करता है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क और रक्षा ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि नया भारत राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
2029 तक भाजपा की जीत का रोडमैप
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत केवल प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भी एनडीए सरकार की मजबूत वापसी का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने और घर-घर तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शक्ति केंद्रों को बताया लोकतंत्र की ताकत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का वास्तविक केंद्र बूथ और शक्ति केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा कहते हैं कि चुनाव विधानसभा या लोकसभा स्तर पर नहीं बल्कि बूथ स्तर पर जीते जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि शक्ति केंद्र मजबूत होंगे तो भाजपा को पश्चिम बंगाल जैसी कठिन परिस्थितियों वाले राज्यों में भी सफलता मिलेगी। उन्होंने प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को बूथ स्तर पर सामूहिक रूप से सुनने और उसके संदेशों को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद पर विपक्ष को घेरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद का समर्थन करने वालों को देश और समाज की नहीं बल्कि केवल वोट बैंक की चिंता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष भाजपा का विरोध करते-करते भारत का विरोध करने लगा है जबकि भाजपा राष्ट्रहित और विकास की राजनीति करती है।
कानून व्यवस्था और विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में माफिया राज था जबकि आज उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, निवेश, उद्योग, सड़क, एक्सप्रेसवे और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है जो नए भारत की रक्षा शक्ति का प्रतीक है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन को बताया भाजपा की सबसे बड़ी ताकत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि शक्ति केंद्र भाजपा संगठन की रीढ़ हैं और 2027 के चुनाव में उनकी भूमिका निर्णायक होगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, आधारभूत ढांचा, उद्योग और जनकल्याण योजनाओं में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 में 2017 और 2022 से भी बड़ी जीत का लक्ष्य लेकर कार्य करने का आह्वान किया।
केशव प्रसाद मौर्य का कार्यकर्ताओं से आह्वान
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा 2027 में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें और विपक्ष को करारा जवाब दें। उन्होंने नारा देते हुए कहा कि “2027 तक जाइए सब भूल, याद रखिए नरेंद्र मोदी और कमल का फूल।”
ब्रजेश पाठक ने महिला सशक्तिकरण और कानून व्यवस्था को बताया भाजपा की उपलब्धि
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब, महिला, किसान और युवाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने महिला आरक्षण, कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दों पर भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज गुंडाराज और माफियाराज से मुक्त होकर विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
सम्मेलन का मुख्य संदेश
शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन के माध्यम से भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया कि पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां पूरी तरह शुरू कर दी हैं। सम्मेलन में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विपक्ष की राजनीति का जवाब देने पर विशेष जोर दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर भाजपा को मजबूत बनाने और विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।