डी आई जी कला निधि नैथानी ने औघड़नाथ मंदिर क्षेत्र में कावड़ यात्रा की तैयारी का जायजा लिया
मेरठ। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेरठ परिक्षेत्र के डी आई जी कलानिधि नैथानी ने सोमवार को मेरठ शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों और व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी ने थाना सिविल लाइन, लालकुर्ती, देहली गेट, रेलवे रोड और सदर बाजार क्षेत्र का भ्रमण किया। इसके बाद घंटाघर स्थित पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय में स्थापित कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था देखी। इस दौरान कुछ कैमरे बंद तथा कुछ का एंगल सही नहीं पाया गया। इस पर उन्होंने सभी खराब कैमरों को तत्काल चालू कराने और सभी कैमरों का एंगल सही कराने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ मार्ग की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने निर्देश दिए कि शहर के सभी प्रमुख चौराहों और कांवड़ मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस कांवड़ कंट्रोल रूम में उपलब्ध कराया जाए, जिससे एक ही स्थान से पूरे रूट की निगरानी की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिस स्थान पर अधिकारी नियमित रूप से जनसुनवाई करते हैं, उसे अस्थायी मिनी कंट्रोल रूम के रूप में विकसित किया जाए, जहां से आईपी कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से कांवड़ यात्रा की लगातार मॉनिटरिंग की जा सके।
इसके बाद डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कैंट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर वहां की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नैन्सी चौराहा पार्किंग और दर्शन एकेडमी के पास स्थित पार्किंग स्थल पर साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार पर जलाभिषेक एवं कांवड़ियों द्वारा जल चढ़ाने की प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए व्यापक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित स्थानों पर ही कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे लटके हुए तथा पेड़ों की शाखाएं सीसीटीवी कैमरों के दृश्य में बाधा उत्पन्न करती हुई मिलीं। डीआईजी ने संबंधित विभागों को तत्काल बिजली के तारों को ऊंचा और सुरक्षित कराने तथा पेड़ों की टहनियों की छंटाई कर कैमरों का व्यू स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि बाबा औघड़नाथ मंदिर परिसर और कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा सभी कैमरों की एक्सेस कंट्रोल व्यवस्था मजबूत की जाए, जिससे किसी भी स्थिति पर तत्काल नजर रखी जा सके।
इसके अलावा डीआईजी ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के टीआई, टीएसआई तथा एलआईयू कर्मियों की चौकियों और कंट्रोल रूम पर ड्यूटी कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नामवार सूची प्रदर्शित की जाए, ताकि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान एस पी सिटी विनायक गोपाल भौसले, क्षेत्राधिकारी कैंट सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है जिसके लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।