शिक्षक कैश लेस चिकित्सा कार्ड योजना के लाभार्थियों के साथ सांसद अरुण गोविल, सोमेंद्र तोमर एवं कैंट विधायक अमित अग्रवाल
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह एवं डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर शामिल हुए। उनके साथ लोकसभा सांसद अरुण गोविल, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिसका आयोजन मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का प्रतीक चिन्ह, शॉल और पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने मुख्यमंत्री के संबोधन और योजना के शुभारंभ का लाइव प्रसारण देखा।
शिक्षकों से अधिक से अधिक पंजीकरण कराने की अपील
मुख्य अतिथि डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड योजना शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल है। उन्होंने सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों तथा शिक्षा इकाइयों से जुड़े पात्र लोगों से इस योजना में अधिक से अधिक पंजीकरण कराने और इसका लाभ उठाने की अपील की।
लोकसभा सांसद अरुण गोविल ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल स्वास्थ्य सुरक्षा ही नहीं, बल्कि शिक्षकों और उनके परिवारों के भविष्य के लिए भी एक मजबूत सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं समाज के महत्वपूर्ण वर्गों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान करती हैं।
22 शिक्षकों को दिए गए सांकेतिक कैशलेस चिकित्सा कार्ड
समारोह में जनपद मेरठ के बेसिक शिक्षा विभाग के 16 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 6 शिक्षकों को सांकेतिक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
बेसिक शिक्षा विभाग से जिन शिक्षकों को कार्ड प्रदान किए गए, उनमें भूपेंद्र सिंह, सुनीता शर्मा, संजीव भारद्वाज, सुधीर कुमार, रेनू सिंह कदान, अंकुश सिंह, प्रियंका, रिचा कटारिया, अभिषेक जायसवाल, नीतू रानी, सरिता, विनीत कुमार, नीलम पंकज, मनोज वशिष्ठ, कौसर जहां तथा अनिरुद्ध गोयल शामिल रहे।
वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग से द्रोणवीर सिंह यादव, शिल्पी, डी.एन. यादव, मनीष कुमार, वी.पी. सिंह तथा आशीष अवस्थी को सांकेतिक चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।
रसोइया और विद्यार्थियों को भी मिला लाभ
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय अलीपुर जजमाना की रसोइया श्रीमती रीना सैनी को भी सांकेतिक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किया गया।
इसके साथ ही डीबीटी योजना के अंतर्गत लाभान्वित छात्र-छात्राओं रूही, विशु सागर, परी, खुशी और कीर्ति को चेक एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। अधिकारियों ने बताया कि डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से छात्रों को समय पर सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनकी शिक्षा में आर्थिक बाधाएं कम हो रही हैं।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मेरठ के मेयर हरिकांत अहलूवालिया, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक, शिक्षामित्र, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना रहा। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड योजना से प्रदेश के लाखों शिक्षकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।