अवैध अचल संपत्ति के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करते पुलिस अधिकारी
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार की संगठित अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मेरठ पुलिस ने साइबर अपराध के एक आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी लगभग 2.50 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध अचल संपत्ति गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत कुर्क कर ली। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में थाना लोहियानगर पुलिस द्वारा स्थानीय प्रशासन और तहसील प्रशासन की मौजूदगी में की गई।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से जुड़े गैंग लीडर अलाउद्दीन पुत्र अय्यूब के विरुद्ध की गई है। आरोपी मूल रूप से थाना लोहियानगर क्षेत्र की जाकिर हुसैन कॉलोनी का निवासी है और वर्तमान में जामिया रेजीडेंसी, बिजली बंबा बाईपास क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने साइबर फ्रॉड के माध्यम से अवैध रूप से धन अर्जित कर उससे अचल संपत्तियां खरीदी थीं।
जिलाधिकारी के आदेश पर हुई कुर्की
मेरठ पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध साइबर धोखाधड़ी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने के लिए जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट मेरठ द्वारा गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत पारित आदेश के अनुपालन में थाना लोहियानगर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर जब्ती नोटिस चस्पा किए, उन्हें नियमानुसार सील किया तथा ढोल-नगाड़ों के साथ सार्वजनिक मुनादी कराकर स्थानीय लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी।
ये संपत्तियां हुईं कुर्क
पुलिस द्वारा कुर्क की गई संपत्तियों में ग्राम बाजोट स्थित चार भूखंड तथा मेरठ रेजीडेंसी कॉलोनी में स्थित एक आवासीय प्लॉट एवं निर्मित पक्का भवन शामिल है। इन संपत्तियों का सर्किल रेट के अनुसार मूल्य लगभग 98.04 लाख रुपये बताया गया है, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य करीब 2.50 करोड़ रुपये आंका गया है।
साइबर अपराध के कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी अलाउद्दीन के विरुद्ध मेरठ सहित उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में साइबर अपराध तथा अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें साइबर धोखाधड़ी, आईटी एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दर्ज प्रकरण शामिल हैं। मेरठ के अलावा अयोध्या और राजस्थान के जयपुर में भी आरोपी के विरुद्ध मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कुर्की की कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना लोहियानगर पुलिस के साथ स्थानीय प्रशासन, तहसील प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने संपत्तियों पर जब्ती संबंधी बोर्ड भी लगाए और विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी
मेरठ पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के माध्यम से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर दें ।