पांच व्यक्तियों सहित 300 से ज्यादा भीड़ बकरियों का रेस्क्यू करने पहुंची टीम
मेरठ। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से हस्तिनापुर क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान ग्राम किशनपुर के जंगल में पानी से घिरे एक स्थान पर फंसे पांच लोगों तथा उनके साथ मौजूद लगभग 300 से 400 भेड़-बकरियों को थाना हस्तिनापुर पुलिस और फ्लड पीएसी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार तड़के लगभग 3:09 बजे थाना प्रभारी हस्तिनापुर के सरकारी मोबाइल (सीयूजी) नंबर पर सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर के जंगल में स्थित राजू कबाड़ी के खाली घेर में रात के समय भेड़-बकरियों के साथ ठहरे कुछ लोग लगातार बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से चारों ओर पानी से घिर गए हैं और बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हस्तिनापुर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। हालात की गंभीरता को देखते हुए फ्लड पीएसी की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद संयुक्त रूप से विशेष रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम ने पानी से घिरे क्षेत्र तक पहुंचकर वहां फंसे सभी पांच व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही उनके साथ मौजूद लगभग 300 से 400 भेड़-बकरियों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पूरे अभियान के दौरान पुलिस और फ्लड पीएसी के जवानों ने सावधानी और समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं होने दी।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सुरक्षित निकाले गए व्यक्तियों में किशनपाल पुत्र हरि सिंह, सत्यवीर पुत्र जयकरण, गौरवपाल पुत्र किनपाल, खुशराम पुत्र नानक तथा बलराम पुत्र अमृत सिंह शामिल हैं। इनमें अधिकांश व्यक्ति थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक व्यक्ति मूल रूप से चांदपुर क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में हस्तिनापुर में रह रहा था।
प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही वर्षा और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे या निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस या स्थानीय प्रशासन को देने की भी अपील की गई है।
मेरठ पुलिस ने बताया कि बरसात के मौसम में संभावित बाढ़ की परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस और फ्लड पीएसी की टीमें लगातार सतर्क हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
यह सफल रेस्क्यू अभियान पुलिस, फ्लड पीएसी और स्थानीय प्रशासन के बेहतर समन्वय का उदाहरण माना जा रहा है। समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई के कारण पांच लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पशुओं को भी सुरक्षित बचा लिया गया।