"छात्रों की गूंज" अभियान जारी
मेरठ। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के 17वें दिन गुरुवार को मेरठ में छात्र-युवाओं का उत्साह देखने को मिला। अभियान के तहत शहर संयोजक अवनीश काजला के नेतृत्व में मेरठ एक्शन टीम ने विभिन्न कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और छात्रावासों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने मिस्ड कॉल और पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से अभियान से जुड़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों को अभियान के उद्देश्य, छात्र हितों से जुड़े मुद्दों और युवाओं की भागीदारी के महत्व के बारे में जानकारी दी। टीम ने छात्रों से शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा की।
मेरठ व्हाट्सएप समूहों से छात्रों को जोड़ने में दूसरे स्थान पर पहुंचा
शहर संयोजक अवनीश काजला ने दावा किया कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान देश के 28 शहरों में संचालित किया जा रहा है और मेरठ, छात्रों को व्हाट्सएप समूहों से जोड़ने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि अब तक मेरठ में करीब 7,000 छात्र-छात्राओं को विभिन्न व्हाट्सएप समूहों से जोड़ा जा चुका है, जबकि लगभग 27,000 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण अभियान के अंतर्गत पूरा हो चुका है। उनके अनुसार यह उपलब्धि मेरठ के छात्र-युवाओं के बढ़ते विश्वास और अभियान को मिल रहे समर्थन को दर्शाती है।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर युवाओं की आवाज बनने का प्रयास
अवनीश काजला ने कहा कि आज का युवा शिक्षा की गुणवत्ता, रोजगार के अवसरों की कमी, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य इन मुद्दों को संगठित रूप से उठाकर छात्रों की आवाज को मजबूत मंच प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि मेरठ में लगातार मिल रहा छात्रों का समर्थन इस बात का संकेत है कि युवा अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं।
अधिक से अधिक छात्रों से जुड़ने का किया आह्वान
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें, अपने साथियों को भी जोड़ें और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने में सहयोग करें।
अभियान में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में शहर संयोजक अवनीश काजला, महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, जाहिद अंसारी, धूम सिंह गुर्जर, अल्तमस त्यागी, निशांत चौधरी, सुमित विकल, सहरयाब मुखिया, अजय चौधरी, अज़ीम प्रधान, फरहान चौधरी, रवि कुमार, आयुष जाटव, अहमद, आलम, संदीप शर्मा, हर्ष चौधरी, वाशु काजला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।