मेडिकल कॉलेज
मेरठ। लगातार हुई भारी बारिश के कारण लाला लाजपत राय स्मारक (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित वार्डों और गंभीर मरीजों को समय रहते अन्य सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। अब आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के अधिकांश विभागों की सेवाएं पुनः शुरू कर दी गई हैं।
प्रधानाचार्य कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 8 और 9 जुलाई 2026 को हुई लगातार भारी बारिश के कारण सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और अस्पताल की इमरजेंसी के मुख्य विद्युत पैनलों में नमी आ गई थी। नमी को नियंत्रित करने के लिए पैनलों में रूम हीटर चलाकर उन्हें सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया।
11 जुलाई को मुख्य एमसीसी ब्रेकर में हुआ शॉर्ट सर्किट
कॉलेज प्रशासन के अनुसार 11 जुलाई की दोपहर बाद लगातार हो रही बारिश के चलते सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के सी ब्लॉक स्थित मुख्य इलेक्ट्रिकल शाफ्ट में लगे मुख्य एमसीसी (MCC) ब्रेकर की बसबार में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई और तकनीकी टीम को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण ब्लोवर और अन्य उपकरणों से नमी हटाने के प्रयास किए गए, लेकिन पूरी व्यवस्था को सूखने और सुरक्षित स्थिति में लाने में लगभग दो दिन का समय लग गया।
मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर किया गया शिफ्ट
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा या खतरा न हो, इसके लिए गंभीर मरीजों को आईसीयू और इमरजेंसी में स्थानांतरित किया गया। वहीं वार्डों में भर्ती अन्य मरीजों को पुराने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में शिफ्ट कर उनका उपचार जारी रखा गया।
प्रशासन के अनुसार इस दौरान किसी भी मरीज के उपचार में बाधा न आए, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से ही लागू कर दी गई थीं।
ए और बी ब्लॉक की सेवाएं रहीं चालू
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 11 जुलाई तक सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के ए और बी ब्लॉक में चिकित्सा सेवाएं संचालित होती रहीं। इन ब्लॉकों में दो वार्ड, सात ऑपरेशन थिएटर, न्यूरोसर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, पीडियाट्रिक सर्जरी, न्यूरोलॉजी विभाग तथा कैथ लैब जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं संचालित होती रहीं।
हालांकि 11 जुलाई की रात पूरे ब्लॉक की विद्युत आपूर्ति बंद कर व्यापक स्तर पर तकनीकी मरम्मत करना आवश्यक हो गया था।
16 जुलाई से ओटी और कैथ लैब फिर शुरू
कॉलेज प्रशासन के अनुसार 13 जुलाई की रात ए और बी ब्लॉक की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए 14 और 15 जुलाई को ऑपरेशन थिएटर शुरू नहीं किए गए, लेकिन वार्डों के मरीजों को वापस उनके संबंधित वार्डों में शिफ्ट कर दिया गया।
16 जुलाई से सभी ऑपरेशन थिएटर और कैथ लैब की सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी और डायलिसिस सेवाएं पूरे समय संचालित होती रहीं।
सी और डी ब्लॉक में मरम्मत का कार्य जारी
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि सी और डी ब्लॉक की विद्युत आपूर्ति जिस मुख्य इलेक्ट्रिकल शाफ्ट से संचालित होती है, उसे स्थानीय स्तर पर ठीक करना संभव नहीं था। इसलिए विद्युत निगम के सहयोग से इस कार्य में विशेषज्ञ संस्थाओं से संपर्क किया गया है।
विशेषज्ञ एजेंसी ने मरम्मत कार्य शुरू करने की सहमति दे दी है और प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि अगले 3 से 4 दिनों के भीतर आवश्यक कार्य पूरा कर विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।
मरीजों की सुरक्षा को दी गई प्राथमिकता
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान मरीजों की सुरक्षा और उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से बचने के लिए समय रहते मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया और आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से लगातार जारी रखा गया। अब अधिकांश सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं, जबकि शेष विद्युत मरम्मत कार्य भी तेजी से पूरा कराया जा रहा है।