आधार कार्ड
मेरठ। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर आधार कार्ड में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर अवश्य कराएं। यूआईडीएआई के अनुसार निर्धारित आयु पर बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराने से भविष्य में आधार आधारित कई सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है।
यूआईडीएआई ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के आधार में फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस (आंखों की पुतली) का बायोमेट्रिक अपडेट निर्धारित समय पर कराया जाना आवश्यक है, ताकि आधार रिकॉर्ड पूरी तरह अद्यतन और सक्रिय बना रहे।
क्यों जरूरी है बायोमेट्रिक अपडेट?
यूआईडीएआई के अनुसार बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनके बायोमेट्रिक विवरण में बदलाव आता है। यही कारण है कि 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर आधार में बायोमेट्रिक जानकारी दोबारा दर्ज कराना अनिवार्य किया गया है।
समय पर अपडेट कराने से विद्यार्थियों और नागरिकों को निम्नलिखित सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता है—
छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ
- बैंकिंग सेवाएं
- विभिन्न सरकारी योजनाएं
- प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन
- आधार आधारित अन्य डिजिटल सेवाएं
- मेरठ आधार सेवा केंद्र पर उपलब्ध हैं सभी सुविधाएं
यूआईडीएआई के अनुसार मेरठ स्थित आधार सेवा केंद्र (ASK) में प्रतिदिन लगभग 500 नागरिकों को आधार नामांकन एवं अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
यहां निम्नलिखित सेवाएं उपलब्ध हैं—
- नया आधार नामांकन (सभी आयु वर्ग के नागरिकों एवं एनआरआई के लिए)
- आधार में बायोमेट्रिक अपडेट
- जनसांख्यिकीय (Demographic) विवरण में संशोधन
- बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट
- 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क सुविधा
यूआईडीएआई ने बताया कि 5 वर्ष से 17 वर्ष तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update-MBU) पूरी तरह निःशुल्क किया जाता है। वहीं नया आधार नामांकन भी पूरी तरह निःशुल्क है।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और निर्धारित आयु पूरी होने पर जल्द से जल्द अपने बच्चों का आधार अपडेट कराएं।
यहां स्थित है मेरठ आधार सेवा केंद्र
आधार सेवा केंद्र (ASK)
शॉप नंबर 1 से 7, मेफेयर प्लाजा, मेट्रो होलसेल के पास, बागपत रोड, मेरठ – 250002
यूआईडीएआई की अपील
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों का आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर अवश्य कराएं। इससे भविष्य में किसी भी सरकारी योजना, छात्रवृत्ति, बैंकिंग सुविधा, परीक्षा या अन्य आधार आधारित सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और आधार हमेशा अद्यतन एवं सक्रिय बना रहेगा।