कृषि विश्वविद्यालय
मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (एसवीपीयूएटी), मेरठ में 19वां दीक्षांत समारोह सोमवार, 20 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में प्रातः 9:00 बजे से होने वाले इस गरिमामय समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल अध्यक्षता करेंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दीक्षांत समारोह में कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां एवं पदक प्रदान किए जाएंगे। यह समारोह विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए उनके शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा, जिसमें स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
समारोह में गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष श्री शंकरभाई चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं अतुल धीरजलाल पटेल, उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही तथा विश्वविद्यालय प्रबंध परिषद के सदस्य श्री बलदेव सिंह औलख विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. वीर पाल सिंह के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस समारोह में विश्वविद्यालय की प्रबंध परिषद एवं विद्वत परिषद के सदस्य, शिक्षक, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे।
दीक्षांत समारोह के दौरान विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान उपलब्धियों और विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली हैं। परिसर में सुरक्षा, यातायात, अतिथि स्वागत एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि समारोह का सफल एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
यह दीक्षांत समारोह कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को नई पहचान देने के साथ-साथ विद्यार्थियों को देश के कृषि विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।