संक्षम अधिकारी से वार्ता कर ज्ञापन देते आम आदमी पार्टी के मेरठ जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी
मेरठ। आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को मेरठ में सोनम वांगचुक के समर्थन और देशभर में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी के अनुसार उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिलों में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेरठ में जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी के नेतृत्व में कमिश्नरी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम प्रस्तावित था।
पार्टी का दावा है कि निर्धारित प्रदर्शन से पहले ही अंकुश चौधरी को उनके मेरठ स्थित आवास पर पुलिस ने नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। इस संबंध में अंकुश चौधरी ने आरोप लगाया कि रविवार देर रात दिल्ली के जंतर-मंतर पर राज्यसभा सांसद संजय सिंह के साथ धरना स्थल से लौटने के बाद सोमवार सुबह करीब तीन बजे भारी पुलिस बल उनके आवास पर पहुंच गया और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई ताकि वे विरोध मार्च में शामिल न हो सकें।
कार्यकर्ताओं ने किया विरोध, पुलिस ने आगे बढ़ने से रोका
पार्टी के अनुसार जैसे ही अंकुश चौधरी को नजरबंद किए जाने की सूचना कार्यकर्ताओं को मिली, बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समर्थक उनके आवास पर पहुंच गए। इसके बाद अंकुश चौधरी अपने समर्थकों के साथ हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए बाहर निकले, लेकिन कुछ दूरी पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उनसे ज्ञापन पुलिस को सौंपने का अनुरोध किया, लेकिन अंकुश चौधरी ने कहा कि यह ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम है और इसे किसी सक्षम प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से ही भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पुलिस को ज्ञापन नहीं देंगे।
धरने के बाद एडीएम ने लिया ज्ञापन
आम आदमी पार्टी का कहना है कि पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना शुरू कर दिया। काफी देर तक प्रशासन और पार्टी नेताओं के बीच वार्ता चली। बाद में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) मौके पर पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया। पार्टी का आरोप है कि ज्ञापन सौंपने के बाद भी अंकुश चौधरी को नजरबंदी की स्थिति में रखा गया तथा उनके आवास पर पुलिस बल तैनात रहा।
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई की निंदा
अंकुश चौधरी ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले जाना लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है। उनके अनुसार, सरकार आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन आंदोलन जारी रहेगा।
पेपर लीक को लेकर सरकार पर साधा निशाना
अंकुश चौधरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में देश में 90 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है तथा परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर जवाब देने के बजाय सरकार युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या छात्रों और युवाओं के अधिकारों की बात करना अब अपराध माना जाएगा।
सांसद संजय सिंह के साथ हुई धक्का-मुक्की पर जताया विरोध
अंकुश चौधरी ने दिल्ली में राज्यसभा सांसद संजय सिंह के साथ कथित धक्का-मुक्की और मेरठ में पार्टी कार्यकर्ताओं को रोके जाने की घटनाओं की आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी संवैधानिक और गांधीवादी तरीकों से अपना आंदोलन जारी रखेगी।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और सख्त कानून की मांग
अंकुश चौधरी ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें तथा पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी कानून बनाने और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने कहा, “हम न रुकेंगे, न झुकेंगे। सोनम वांगचुक के संघर्ष में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। सरकार चाहे जितना दमन कर ले, लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।”
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान जिला उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, जिला महासचिव हेम कुमार, जिला सचिव वैभव मलिक, तरिकत पंवार, अतुल नागर, अकरम कुरेशी, दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी, किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष फुरकान त्यागी, रंजना तिवारी, शिक्षक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अशफाक अंसारी, एससी-एसटी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सचिन वाल्मीकि, अजगर सिद्दीकी, यूनुस अंसारी, आकिल, हाजी गुफरान, सागर, अलाउद्दीन और गुलफाम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।