एडीएम सिटी और एसपी सिटी से नोक झोंक करते कांग्रेसी
मेरठ। मेरठ में कांग्रेस के “छात्रों की गूंज” अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रस्तावित “संविधान संवाद” कार्यक्रम बुधवार को विवादों में घिर गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही प्रशासन ने कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया और दिल्ली रोड स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यक्रम स्थल के हॉल पर ताला लगा दिया। इसके विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हुए और चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कांग्रेस का कहना है कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे। पार्टी नेताओं के अनुसार, जब कार्यक्रम संयोजक अवनीश काजला अपने सहयोगियों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो उन्होंने पाया कि सभागार बंद था और वहां कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक बताते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस ने लगाया लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप
तालाबंदी की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता चैंबर ऑफ कॉमर्स के मुख्य द्वार के बाहर एकत्र हो गए और धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
“छात्रों की गूंज” अभियान के संयोजक अवनीश काजला और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष कार्यक्रम स्थल पर तालाबंदी और कांग्रेस नेताओं को कथित रूप से हाउस अरेस्ट किए जाने का विरोध किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के समर्थन में नारेबाजी भी की।
अवनीश काजला बोले – संविधान पर ताला लगाना दुर्भाग्यपूर्ण
धरने को संबोधित करते हुए अवनीश काजला ने कहा कि लोकतंत्र में संविधान और लोकतांत्रिक संवाद पर ताला लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि यदि शांतिपूर्ण और संवैधानिक कार्यक्रमों को भी रोका जाएगा तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने की वार्ता
प्रदर्शन के दौरान बाद में एडीएम सिटी और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से बातचीत की। कांग्रेस की ओर से दावा किया गया कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी वैधानिक एवं शांतिपूर्ण कार्यक्रम को अनावश्यक रूप से नहीं रोका जाएगा। वार्ता के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
कार्यक्रम रद्द नहीं, केवल स्थगित
वार्ता के बाद अवनीश काजला ने स्पष्ट किया कि “संविधान संवाद” कार्यक्रम को रद्द नहीं किया गया है, बल्कि केवल स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम जल्द ही नई तिथि घोषित कर आयोजित किया जाएगा।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन और कार्यक्रम के दौरान अवनीश काजला, रंजन शर्मा, सलीम खान, धूम सिंह गुर्जर, पूनम पंडित, अल्तमस त्यागी, बबीता गुर्जर, संजय कटारिया, रीना शर्मा, बबली देवी, के.डी. शर्मा, सपना सोम, शरयाब मुखिया, अजय चौधरी, फरहान चौधरी, निशांत चौधरी, मनजीत सिंह कोचर, हमजा चौहान, अज़ीम प्रधान, मतीन अंसारी, योगेंद्र सिंह, शमसुद्दीन चौधरी, रॉबिन नाथ गोलू, राज केसरी, विनोद सोनकर, शिवकुमार शर्मा, सलीम पठान, दिनेश उपाध्याय, ओंकार शर्मा, यूसुफ अंसारी, मुजाहिद, राजू यादव, मोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।