कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू), मेरठ ने मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विश्वविद्यालय से संबद्ध स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों एवं संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा जारी पत्र में सभी सहायक नोडल अधिकारियों एवं संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों से योजना के संबंध में विस्तृत सूचना निर्धारित प्रारूप में तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह कार्रवाई उच्च शिक्षा विभाग, प्रयागराज के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों तक समयबद्ध और सुचारु रूप से पहुंच सके तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधा का शीघ्र समाधान किया जा सके।
इन बिंदुओं पर मांगी गई जानकारी
विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों से एक्सेल शीट के माध्यम से सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराने को कहा है। यह सूचना ar.affiliation@ccsuniversity.ac.in ईमेल पर भेजनी होगी।
प्राचार्यों एवं नोडल अधिकारियों से निम्नलिखित जानकारी मांगी गई है—
- मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षकों द्वारा किए गए कुल आवेदनों की संख्या।
- महाविद्यालय स्तर पर सत्यापित किए गए आवेदनों की संख्या।
- ऐसे महाविद्यालय जिनके द्वारा अभी तक गूगल फॉर्म नहीं भरा गया है।
- गूगल फॉर्म भरने के बाद भी जिन संस्थानों को यूजर आईडी एवं पासवर्ड प्राप्त नहीं हुए हैं।
- जिन संस्थानों के मोबाइल नंबर गलत दर्ज होने के कारण लॉगिन संबंधी समस्या उत्पन्न हुई है।
- ऐसे महाविद्यालय जिन्हें यूजर आईडी एवं पासवर्ड तो प्राप्त हो गए हैं, लेकिन उनका पोर्टल अभी भी सक्रिय नहीं है।
- जिन संस्थानों में प्राचार्य सेवानिवृत्त हो चुके हैं अथवा अन्य प्रशासनिक परिवर्तन हुए हैं, उनकी अद्यतन जानकारी।
तकनीकी समस्याओं के समाधान पर जोर
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि एकत्रित की जाने वाली जानकारी शासन को भेजी जाएगी, ताकि तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जा सके। जिन महाविद्यालयों ने अभी तक आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें समय रहते योजना से जोड़ा जा सकेगा और पात्र लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी।
संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई प्रति
विश्वविद्यालय द्वारा जारी इस पत्र की प्रतिलिपि माननीय कुलपति के निजी सचिव, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी मेरठ, विश्वविद्यालय के प्रभारी प्रेस प्रवक्ता तथा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के प्रभारी को भी प्रेषित की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित महाविद्यालयों से निर्देशों का तत्काल अनुपालन करते हुए निर्धारित प्रारूप में सूचना उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ सभी पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों तक बिना किसी विलंब के पहुंचाया जा सके।