आरजी इंटर कॉलेज में एडस के प्रति छात्राओं को जागरूक किया
मेरठ। युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मेरठ के आर.जी. इंटर कॉलेज में युवा उत्सव (यूथ फेस्ट) के अंतर्गत रेड रिबन क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के 16 विद्यालयों एवं कॉलेजों की कक्षा 8, 9 और 11 के कुल 74 छात्र-छात्राओं (37 टीमों) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आर.जी. इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू रानी एवं एसएसके नोडल अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोयल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति युवाओं को सही जानकारी देना समय की आवश्यकता है। जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित जानकारी प्राप्त करें और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में दिशा क्लस्टर मेरठ के सीपीएम श्री सचिन कुमार, सीएसओ डॉ. कुलदीप कुमार, डीएमडीओ श्री बृजेश कुमार शर्मा, शिक्षकगण तथा अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा समाज में एचआईवी/एड्स के प्रति सकारात्मक और जागरूक वातावरण बनाने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में इन टीमों ने मारी बाजी
रेड रिबन क्विज़ प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
- प्रथम स्थान – डी.एन. इंटर कॉलेज के कक्षा 11 के भानु चौधरी एवं अरीब मुनीम
- द्वितीय स्थान – एन.ए.एस. इंटर कॉलेज के कक्षा 9 के फहीम एवं कार्तिकेय
- तृतीय स्थान – जी.जी.आई.सी., हापुड़ रोड, मेरठ की कक्षा 11 की जीनत एवं इंशा
- सांत्वना पुरस्कार – गौतम इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की वंदना एवं कंचन
सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं विजेता टीमों को क्रमशः प्रथम पुरस्कार ₹2,500, द्वितीय पुरस्कार ₹2,000, तृतीय पुरस्कार ₹1,500 तथा सांत्वना पुरस्कार ₹500 की नकद धनराशि देकर सम्मानित किया गया।
सफल आयोजन में कई संस्थाओं का रहा सहयोग
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती अमृता चौधरी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में संपूर्ण सुरक्षा केंद्र, मेरठ के प्रबंधक श्री वीरेन्द्र सिंह, ओआरडब्ल्यू श्री दीपांकर, टीआई (एनजीओ) ग्रामीण विकास संस्थान, जे.एन. बाल निकुंज, वन स्टॉप सेंटर की टीजी एवं बीपी टीम के सेंटर मैनेजर श्री अमन सिंह तथा श्री मोहम्मद इरफान अली का विशेष योगदान रहा।
युवाओं को दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों ने एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक रहने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने और समाज में सही जानकारी का प्रसार करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि एचआईवी/एड्स को लेकर आज भी समाज में अनेक भ्रांतियां मौजूद हैं, जिन्हें केवल सही जानकारी और जनजागरूकता के माध्यम से ही दूर किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इस विषय में जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ, सुरक्षित और संवेदनशील समाज का निर्माण हो सके।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एचआईवी/एड्स से संबंधित विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए और यह संदेश दिया कि जागरूकता, सही जानकारी और जिम्मेदार व्यवहार ही इस बीमारी की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।