ट्रैफिक, पर्यावरण और सामाजिक दायित्वों पर दिया प्रशिक्षण ।
मेरठ। सामाजिक संस्था “पहल एक प्रयास” द्वारा स्वयंसेवकों के लिए एक प्रेरणादायी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का नेतृत्व संस्था की कप्तान अर्चना उपाध्याय एवं किरण चौधरी ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेवकों को संस्था के उद्देश्यों, सामाजिक दायित्वों तथा नागरिक जागरूकता से जुड़े विषयों के प्रति प्रशिक्षित करना और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यशाला की शुरुआत संस्था के स्वयंसेवक नीरज अरोड़ा के दिवंगत पिता स्वर्गीय राजेंद्र अरोड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित सभी स्वयंसेवकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इसके बाद आयोजित प्रशिक्षण सत्र में ट्रैफिक नियमों, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर रोचक अंदाज में चर्चा की गई। कार्यक्रम को मनोरंजक और शिक्षाप्रद बनाने के लिए खेल-खेल में प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें ट्रैफिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यशाला के दौरान स्वयंसेवकों को बताया गया कि एक अच्छा समाज सुधारक बनने के लिए अनुशासन, सेवा भावना, ईमानदारी, समय पालन, संवेदनशीलता और समाज के प्रति समर्पण जैसे गुणों को अपने जीवन में अपनाना आवश्यक है। संस्था के वरिष्ठ एवं पुराने स्वयंसेवकों ने प्रश्नोत्तर के माध्यम से नए स्वयंसेवकों को “पहल एक प्रयास” के उद्देश्यों, कार्यशैली और समाज सेवा से जुड़े अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि प्रत्येक स्वयंसेवक अपने व्यवहार और कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बने तथा लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने चाय-नाश्ता किया तथा समाज को सभ्य, अनुशासित, स्वच्छ और जागरूक बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
इस अवसर पर अरुण शर्मा, पंकज पहल, राजीव अग्रवाल, मीना बैम्बी, विजय जोशी, अर्पित भारद्वाज, नितपाल सिंह, अंकुर तथा राहुल अग्रवाल सहित अनेक स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। संस्था पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प दोहराया।