कांवड़ियों पर फूल बरसाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों का किया अभिनंदन, बोले—भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का जीवंत उदाहरण है कांवड़ यात्रा
मेरठ, 8 अगस्त 2026। श्रावण मास की दशमी तिथि पर शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कांवड़ मार्ग हर-हर बम-बम के जयघोष से गूंज उठा। मेरठ पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन करते हुए उन पर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री के साथ मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी शिवभक्तों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान कांवड़ मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों पर हेलिकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता तथा सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से देशभर से मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांवड़ मार्ग से गुजर रहे सभी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने किया कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम स्थल मोदीपुरम स्थित दुल्हेड़ा पुलिस चौकी पहुंचने से पहले हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर चल रहे शिवभक्तों की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों की आस्था को नमन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान, सुविधा और सुगम यात्रा के लिए व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी बनाए रखी जाएं।

हर ओर गूंजा ‘हर-हर बम-बम’ का उद्घोष
कांवड़ मार्ग पर उस समय विशेष आध्यात्मिक माहौल बन गया, जब हजारों शिवभक्तों ने एक साथ ‘हर-हर बम-बम’ और भगवान शिव के जयकारे लगाए। गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों के उत्साह और श्रद्धा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। हेलिकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा दिया। कांवड़ यात्री भी मुख्यमंत्री के स्वागत और पुष्पवर्षा से उत्साहित नजर आए।
‘कांवड़ यात्रा भक्ति और समरसता का जीवंत उदाहरण’
पुष्पवर्षा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा अब अपने चरम की ओर बढ़ रही है। लाखों शिवभक्त हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के पवित्र शिवालयों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष गाजियाबाद से लेकर हरिद्वार के बीच लगभग चार से साढ़े चार करोड़ शिवभक्तों के कांवड़ यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सावन की शिवरात्रि तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।
मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत और गाजियाबाद में उमड़ा आस्था का सैलाब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुजफ्फरनगर के शिवचौक में भी कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मेरठ में उन्हें जनप्रतिनिधियों के साथ कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिल रही है।
इसके साथ ही दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से भी लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने हैं।
जाति, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर शिवभक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और राष्ट्रीय एकता तथा समरसता का भी बड़ा उदाहरण प्रस्तुत करती है। सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्त जाति-पाति, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की हर सांस में शिव का नाम है और उनकी भक्ति एवं समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायी है।
कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन मुस्तैद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है। जिला प्रशासन से लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक सभी स्तरों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, सेक्टर मजिस्ट्रेट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी, जोन, रेंज, जनपद और थाना स्तर के अधिकारी कांवड़ यात्रा व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों द्वारा श्रद्धाभाव के साथ कांवड़ यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान
मुख्यमंत्री ने समाजसेवी और धर्मार्थ संगठनों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भोजन, पेयजल, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कांवड़ यात्रियों की सेवा में जुटे सभी सामाजिक, धार्मिक और धर्मार्थ संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके योगदान की सराहना की।
शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल और परसों यानी सावन शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने इसे भगवान शिव के भक्तों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रदेश तथा देश में सुख, शांति, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता का वातावरण बना रहे।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेंद्र तोमर, राज्यमंत्री जलशक्ति दिनेश खटीक, सांसद अरुण गोविल, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेयी, मेरठ महापौर हरिकांत अहलूवालिया, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, एडीजी भानु भास्कर, मेरठ मंडल आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डा. वी.के. सिंह और एसएसपी अविनाश पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रा बनी आस्था और सेवा का संगम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा और हेलिकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा के बाद मेरठ का कांवड़ मार्ग पूरी तरह शिवमय नजर आया। हजारों शिवभक्तों के जयघोष, कांवड़ की भव्य सजावट और सेवा शिविरों में जुटे लोगों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को आस्था, सेवा, अनुशासन और सामाजिक समरसता के बड़े पर्व के रूप में प्रस्तुत किया।