राष्ट्रीय ध्वज का वितरण करते दौराला भाजपा मंडल के अध्यक्ष मनिंदर विहान
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भराला गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान दौराला भाजपा मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान भराला ने विद्यालय के बच्चों को 150 राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे वितरित किए।
इस अवसर पर बच्चों से आह्वान किया गया कि वे 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूक करें। तिरंगा प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज को हाथों में लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराकर देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापक शशि कौशिक के साथ ममता चौधरी, कविता बालियान, शालिनी शर्मा, रेशमा, आंगनवाड़ी सहायिका रामभतेरी, अनीता, पूजा सहित विद्यालय से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में तिरंगा प्राप्त करने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। आयोजकों ने बच्चों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगा फहराते समय राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए।
देशभक्ति के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से परिवारों तक देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के दौरान संदेश दिया गया—
“तिरंगे की आन रहे, तिरंगे की शान रहे,
भारत मां के वीरों का सदा सम्मान रहे।”