मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र की केसरगंज गुड़ मंडी स्थित मस्जिद में निर्माण कार्य को लेकर चल रहा विवाद रविवार को एक बार फिर गहरा गया। निर्माण को लेकर पहले से विरोध कर रहे व्यापारियों और दूसरे पक्ष के बीच कहासुनी के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। व्यापारी एवं आरएसएस से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ता ईश्वर चंद कंसल (70) ने आरोप लगाया कि मस्जिद में निर्माण कार्य की कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मी के साथ अभद्रता की गई और विरोध करने पर उनके साथ भी हमला व अभद्रता की गई। मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
मस्जिद में अभद्रता और दबाव बनाने के लगाए गए आरोप
दूसरी ओर आजाद समाज पार्टी के शहर विधानसभा प्रभारी बदर अली, बुनकर नगर निवासी इमरान अंसारी और सपा नेता जीत सिंह नागपाल थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि मस्जिद में जूते पहनकर प्रवेश किया गया और इमाम को परेशान करते हुए बयान देने के लिए दबाव बनाया गया। इमरान अंसारी की ओर से पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई।

दूसरे पक्ष की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि सचिन सिरोही एक मीडियाकर्मी को लेकर मौके पर पहुंचे थे और वहां का माहौल खराब करने की कोशिश की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूचना के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंचे
विवाद की सूचना मिलने के बाद बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाया और माहौल शांत कराने का प्रयास किया।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले और क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।
इमाम और बेटे को हिरासत में लेकर की गई शांति भंग की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मामले में मस्जिद के इमाम कमरूज जमा उर्फ कमर और उनके बेटे अबू साद को हिरासत में लिया गया। दोनों के खिलाफ शांति भंग करने की कार्रवाई की गई। बाद में दोनों को जमानत मिल गई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
डेढ़-दो माह से निर्माण कार्य चलने का आरोप
ईश्वर चंद कंसल के अनुसार, मस्जिद में करीब डेढ़ से दो महीने से पर्दा डालकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मस्जिद की दूसरी और तीसरी मंजिल पर निर्माण के बाद लिंटर डालने के लिए बृहस्पतिवार को मिक्सर आदि सामान मौके पर पहुंचा, जिसके बाद उन्हें और अन्य व्यापारियों को निर्माण की जानकारी हुई।
कंसल का कहना है कि उन्होंने अन्य व्यापारियों के साथ निर्माण कार्य का विरोध किया था। इसके बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, जिसके बाद निर्माण कार्य रुकवाया गया।
थाने से लेकर डीएम कार्यालय और संबंधित विभागों तक दी शिकायत
ईश्वर चंद कंसल ने बताया कि निर्माण की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने और मेरचेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन बंसल सहित अन्य व्यापारियों ने मामले में थाने से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय, आवास विकास परिषद और मेरठ विकास प्राधिकरण तक शिकायत की। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी और सांसद अरुण गोविल को भी ज्ञापन दिए जाने की बात कही गई है।
उन्होंने बताया कि शिकायतों के बाद मस्जिद में चल रहा निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। कंसल के मुताबिक कैंट विधायक अमित अग्रवाल और भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा ने भी इस मामले में उनकी मदद की।
बेटे के बुलाने पर लोगों के एकत्र होने का आरोप
ईश्वर चंद कंसल का आरोप है कि रविवार को उनके बेटे अबू साद के बुलाने पर करीब 30 लोग मौके पर एकत्र हुए और वहां अभद्रता शुरू कर दी गई। उन्होंने विरोध करने पर उनके साथ भी अभद्रता और हमला किए जाने का आरोप लगाया। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी बात सामने आई है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के महानगर संयोजक हिमांशु शर्मा, महानगर विद्यार्थी प्रमुख विशाल धानक, विश्व हिंदू परिषद के महानगर मंत्री एवं गौरक्षा प्रमुख रोहित, अखिल पवन और भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। ईश्वर चंद कंसल ने पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

व्यापारियों ने मस्जिद के पुराने स्वरूप का भी दिया हवाला
ईश्वर चंद कंसल ने बताया कि उनकी दुकान, कार्यालय और आवास केसरगंज मंडी में ही हैं। उनके अनुसार वह लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि आजादी से पहले केसरगंज क्षेत्र में जेल थी। मंडी बनने के बाद पल्लेदारों आदि के नमाज पढ़ने के लिए एक छोटी मस्जिद का निर्माण कराया गया था।
कंसल के अनुसार यह मस्जिद पहले एक मंजिल की थी। उनका आरोप है कि हाल में निर्माण कार्य होने के बाद यहां आने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है, जिससे मंडी का माहौल प्रभावित हो रहा है। हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कवरेज के दौरान विवाद की बात, माहौल खराब करने पर कार्रवाई की चेतावनी
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि कवरेज के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामले में दो लोगों के खिलाफ शांति भंग करने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली पोस्ट और वीडियो पर भी साइबर सेल नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक या माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रसार की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से मिली शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।