मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सोमेंद्र तोमर ने किया संवाद
पांच मंडलों के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर बीएलओ से ली जानकारी, पात्र युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील
मेरठ। ANN। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत शनिवार को आयोजित विशेष अभियान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से संवाद कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने शास्त्रीनगर मंडल, रिठानी मंडल, मलियाना मंडल, माधवनगर मंडल और मेरठ देहात मंडल के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

डॉ. सोमेंद्र तोमर ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम, पते अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, उनसे आवश्यक संशोधन कराने का आग्रह किया।
उन्होंने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण के संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरने की जानकारी भी दी। राज्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।