भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
पहली बार मेरठ पहुंचेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुभारती विश्वविद्यालय में 2 अहम कार्यक्रम; 4800 शक्ति केंद्र संयोजकों को देंगे जीत का मंत्र
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को पश्चिमी यूपी के दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में यह उनका मेरठ का पहला दौरा होगा। 21 सितंबर को वह मेरठ में दिनभर रहेंगे और अलग-अलग स्थानों पर चार बैठकों में शामिल होंगे। इसके बाद रात्रि प्रवास भी मेरठ में प्रस्तावित है। अगले दिन 22 सितंबर को वह सहारनपुर जाएंगे, जहां दो महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है।
नितिन नवीन के दौरे को लेकर मेरठ में तैयारियां तेज
राष्ट्रीय अध्यक्ष के मेरठ दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भी मेरठ पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य प्रेक्षागृह से लेकर विश्वविद्यालय के मैदान तक कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं। सुभारती विश्वविद्यालय के मैदान में पश्चिम क्षेत्र के 14 जिलों और भाजपा के 19 संगठनात्मक जिलों की 71 विधानसभा सीटों के मंडल अध्यक्षों और करीब 4800 शक्ति केंद्र संयोजकों को संबोधित करने की तैयारी की जा रही है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक दिशा और रणनीति का संदेश देंगे।
मांगल्य ऑडिटोरियम में युवाओं से होगा जेन-जी संवाद
21 सितंबर को नितिन नवीन का पहला प्रमुख कार्यक्रम सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य प्रेक्षागृह में प्रस्तावित है। सुबह करीब 11 बजे वह विश्वविद्यालय के लगभग 2000 छात्र-छात्राओं के साथ सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम को जेन-जी संवाद का नाम दिया गया है। संवाद के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), शिक्षा, महंगाई, रोजगार और युवाओं से जुड़े अन्य विषयों पर बातचीत होने की संभावना है। कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि मंच पर केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रहेंगे और उनके सामने विश्वविद्यालय के युवा छात्र-छात्राएं होंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं अथवा अन्य लोगों की इस संवाद में दखलंदाजी नहीं होगी। पश्चिम क्षेत्र की नई क्षेत्रीय टीम से जुड़े युवा इस कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। संवाद कार्यक्रम से पहले वंदेमातरम् का गायन होगा। परिसर में रंगोली सजाने की भी तैयारी की जा रही है।
4800 शक्ति केंद्र संयोजकों को संबोधित करेंगे नितिन नवीन
युवा संवाद के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभारती विश्वविद्यालय के मैदान में पहुंचेंगे। यहां पश्चिम क्षेत्र के 14 जिलों और भाजपा के 19 संगठनात्मक जिलों से जुड़े मंडल अध्यक्षों तथा शक्ति केंद्र संयोजकों की बड़ी बैठक प्रस्तावित है। इसमें करीब 4800 शक्ति केंद्र संयोजकों की मौजूदगी रहेगी। बैठक में 71 विधानसभा सीटों के संगठनात्मक ढांचे से जुड़े पदाधिकारी शामिल होंगे। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के मौजूद रहने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

जर्मन हैंगर में तैयार हो रहा भव्य पंडाल
सुभारती विश्वविद्यालय के मैदान में शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक के लिए जर्मन हैंगर लगाया जा रहा है। करीब पांच हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। पंडाल में कुर्सियों के साथ जनप्रतिनिधियों के लिए क्रमबद्ध तरीके से सोफों की तीन पंक्तियां बनाई जाएंगी। ओपन ग्राउंड में कार्यक्रम होने के कारण मौसम को देखते हुए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पंडाल में 50 से अधिक कूलर और पंखे लगाए जा रहे हैं। धूप और बारिश से बचाव के लिए जर्मन हैंगर को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान मौसम की स्थिति से परेशानी न हो।
छह फीट ऊंचा मंच, दो सेफ हाउस और दो डायस
कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन के लिए करीब छह फीट ऊंचा मंच तैयार किया जा रहा है। इसी मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी मौजूदगी रहेगी। मंच के पीछे दो सेफ हाउस बनाए जा रहे हैं। इनमें से एक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दूसरा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लिए प्रस्तावित है। मंच पर दो डायस और माइक्रोफोन की व्यवस्था रहेगी। एक डायस से राष्ट्रीय अध्यक्ष और दूसरे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधन कर सकते हैं। कार्यक्रम स्थल पर चाय-नाश्ते के लिए कुछ स्टॉल भी लगाए जाएंगे। पूरे पंडाल को भाजपा के भगवा रंग की थीम में सजाया जा रहा है।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से सड़क मार्ग से पहुंचेंगे नितिन नवीन
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 सितंबर की सुबह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के रास्ते मेरठ पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए काशी टोल प्लाजा पर महानगर भाजपा की ओर से स्वागत कार्यक्रम रखा जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी 21 सितंबर की सुबह मेरठ पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर से सीधे सुभारती विश्वविद्यालय के मैदान में पहुंचने की संभावना है। इसके लिए विश्वविद्यालय परिसर में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है।
सुभारती के बाद ब्रावुरा रिसोर्ट में दो बैठकें
सुभारती विश्वविद्यालय में दिनभर के दो प्रमुख कार्यक्रमों के बाद नितिन नवीन ब्रावुरा रिसोर्ट जाएंगे। यहां उनकी दो और बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के ब्रावुरा रिसोर्ट में ही रात्रि प्रवास का कार्यक्रम बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी मेरठ में रात्रि प्रवास की संभावना है। इसके लिए आरएएफ गेस्ट हाउस में तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के संभावित रात्रि प्रवास को देखते हुए पुलिस और प्रशासन शनिवार से ही सक्रिय हो गया। अधिकारियों ने आरएएफ गेस्ट हाउस पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्थल का निरीक्षण किया।
22 सितंबर को सहारनपुर जाएंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
21 सितंबर को मेरठ में कार्यक्रम पूरा करने के बाद 22 सितंबर की सुबह नितिन नवीन सड़क मार्ग से सहारनपुर के लिए रवाना होंगे। रास्ते में सिवाया टोल प्लाजा पर भाजपा की जिला टीम की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। सहारनपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करेंगे। इसके बाद वहां दो महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 22 सितंबर का आगे का कार्यक्रम अभी निर्धारित नहीं बताया गया है।
पश्चिम यूपी के 14 जिलों में भाजपा का बड़ा संगठनात्मक नेटवर्क
भाजपा की संगठनात्मक संरचना के अनुसार पश्चिम क्षेत्र में 14 प्रमुख जिले शामिल हैं। इनमें मेरठ, सहारनपुर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुरादाबाद, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, बिजनौर, संभल, रामपुर, मुजफ्फरनगर और शामली शामिल हैं। इन जिलों में भाजपा की कुल 19 संगठनात्मक जिला इकाइयां हैं। मेरठ, सहारनपुर, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में दो-दो जिला इकाइयां हैं, जबकि मुरादाबाद में भी महानगर और जिला इकाई अलग-अलग हैं। बाकी जिलों में एक-एक संगठनात्मक जिला इकाई है। इन 14 जिलों में कुल 71 विधानसभा सीटें हैं। भाजपा के संगठनात्मक ढांचे के अनुसार यहां 350 से अधिक मंडल और करीब 4800 शक्ति केंद्र बताए गए हैं। यही वजह है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मेरठ दौरे को संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
2017 में भाजपा ने जीती थीं 54 विधानसभा सीटें
पश्चिमी यूपी के चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश में 325 सीटों पर जीत दर्ज की थी। पश्चिमी यूपी के इन 14 जिलों की 71 विधानसभा सीटों में भाजपा ने 54 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि 17 सीटों पर उसके उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा था। जिन प्रमुख सीटों पर भाजपा उम्मीदवार 2017 में चुनाव हार गए थे, उनमें मेरठ शहर, धौलाना, सहारनपुर देहात, बेहट, कैराना, मुरादाबाद देहात, ठाकुरद्वारा, कुंदरकी, बिलारी, रामपुर, चमरौआ, स्वार, अमरोहा, नजीबाबाद, नगीना और छपरौली शामिल थीं।
2022 में 54 से घटकर 41 सीटों पर पहुंची भाजपा
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पश्चिमी यूपी की इन 71 सीटों में भाजपा की सीटों की संख्या 54 से घटकर 41 रह गई थी। ऐसे में आगामी चुनावों से पहले संगठन के स्तर पर पश्चिमी यूपी पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मेरठ और सहारनपुर दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेरठ में शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ बैठक और युवाओं से सीधे संवाद के जरिए पार्टी संगठन और युवा वर्ग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। वहीं सहारनपुर में संगठनात्मक बैठकों के साथ मां शाकुंभरी देवी के दर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।