शिवसेना कार्यसमिति की बैठक में संपर्क प्रमुख का स्वागत करते प्रमुख पदाधिकारी
लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन
लखनऊ । शिवसेना यूबीटी उत्तर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
नवंबर में जिलों का सघन दौरा
बैठक में राष्ट्रीय संघटक एवं नवनियुक्त संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी ने कहा कि नवंबर में प्रदेश के विभिन्न जिलों का सघन दौरा किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। मंडल और जिला स्तर पर आवश्यक नियुक्तियों के साथ बूथ, वार्ड और ग्राम स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के माध्यम से स्थानीय समस्याओं और संगठन से जुड़े विषयों की जानकारी लेकर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

एकजुट होकर संगठन मजबूत करने की अपील
प्रदेश प्रमुख ठाकुर अनिल सिंह ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को दूर कर संगठन के हित में एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अशोक तिवारी को संपर्क प्रमुख की जिम्मेदारी मिलने से महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और जिलों में विस्तार की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में राज्य उप प्रमुख रतन ब्रह्मचारी और डॉ. संतराम यादव मौजूद रहे। प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र तोमर, आनंद विक्रम सिंह परमार, मनोज मिश्र ‘विद्रोही’ और रवींद्र भारद्वाज ‘संघर्षी’ ने भाग लिया। प्रदेश सचिव संजय प्रधान, विश्वजीत सिंह, विक्रम यादव और अवधेश शर्मा तथा प्रदेश संघटक प्रदीप चौरसिया के अलावा आशीष तिवारी, डॉ. ऋचा सिंह, मंगलेश शुक्ला, अवनीश आर्य, हरिनारायण गोस्वामी, दिनेश, विपिन भटनागर और आर.के. आर्य समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।