कार्यक्रम का शुभारंभ करते प्रभारी मंत्री असीम अरुण
मेरठ। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को मेरठ स्थित श्रम विभाग परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ समाज कल्याण एवं जनपद के प्रभारी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया तथा मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल की गरिमामयी उपस्थिति में फीता काटकर ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का विधिवत उद्घाटन हुआ।
शिविर के दौरान विभिन्न लगभग 500 औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सीय परामर्श की व्यवस्था की गई। विशेषज्ञ मेडिकल टीमों द्वारा श्रमिकों को ओ.पी.डी. सुविधा, पैथोलॉजी जांच, निशुल्क चिकित्सीय परामर्श, रेफरल सेवाएं एवं स्वास्थ्य व सुरक्षा संबंधी जागरूकता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, सी.एस.आर. (CSR) फंड, सेवायोजकों, प्रतिष्ठान स्वामियों तथा नर्सिंग होम के विशेष सहयोग से उपस्थित श्रमिकों को मेडिकल किट का वितरण भी किया गया।
यह पहल भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 04 श्रम संहिताओं में से ‘व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य दशा संहिता 2020’ के तहत 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी श्रमिकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान की अवधि के दौरान जनपद के विभिन्न ब्लॉकों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार इस प्रकार के श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री असीम अरुण ने श्रमिकों का आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा उनके हित में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण श्रमिक और मजदूर प्रदेश के समग्र विकास की रीढ़ हैं। उनके तथा उनके परिवारों के सामाजिक व आर्थिक हितों की सुरक्षा करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दौरान उन्होंने श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की।
समारोह के दौरान माननीय मंत्रियों एवं अतिथियों द्वारा ‘उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के पात्र श्रमिकों को हितलाभ स्वीकृत कर वितरित किए गए। उप श्रमायुक्त मेरठ श्री राजेश मिश्रा ने उपस्थित श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवश्यक दस्तावेज़ जमा करने तथा पंजीकरण प्रक्रिया को पूर्ण करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य ध्येय निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा कवच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर उप श्रमायुक्त राजेश मिश्रा, डी.सी.एन.आर.एल.एम. अनय मिश्रा, सहायक श्रमायुक्त अवधेश कुमार वर्मा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनय कुमार दुबे, शशिकान्त पाण्डेय, रघुबर यादव, नीलम, सुनील कुमार, मिथिलेश कुमार सिन्हा, रागिनी अग्रवाल, श्रम विभाग के समस्त कर्मचारी तथा भारी संख्या में निर्माण श्रमिक एवं औद्योगिक कर्मचारी उपस्थित रहे।