विरोध प्रदर्शन करते कार्यकर्ता
हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र स्थित गांव घूंघराला में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कथित रूप से असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही शोषित क्रांति दल (एसकेडी) के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और प्रतिमा स्थल पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शोषित क्रांति दल के वरिष्ठ कार्यकर्ता अजब सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांव घूंघराला पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मौके पर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संगठन ने मांग की कि तत्काल नई प्रतिमा स्थापित कराई जाए तथा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
धरना स्थल पर टेंट लगाने को लेकर शोषित क्रांति दल के कार्यकर्ताओं और थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि प्रशासन को घटना के प्रति गंभीरता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, जबकि पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभालने का प्रयास किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया गया कि डॉ. अंबेडकर की नई प्रतिमा मेरठ से मंगवाई जा रही है और जल्द ही उसे स्थापित कराया जाएगा। साथ ही घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं।
शोषित क्रांति दल के नेताओं ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर देश के संविधान निर्माता और करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना अत्यंत निंदनीय है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान अरुण जाटव, प्रिंस, गौरव, आकाश, राकेश, प्रमोद, राहुल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। देर शाम तक धरना जारी रहा और कार्यकर्ता प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार करते रहे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।