आदित्य ठाकरे का 36वां जन्मदिन मनाते मेरठ के शिव सैनिक
मेरठ। शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख युवा नेता एवं युवा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदित्य ठाकरे का 36वां जन्मदिवस शनिवार को मेरठ के छीपी टैंक स्थित शिवसेना कार्यालय में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर आदित्य ठाकरे के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की तथा उनके नेतृत्व को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का आयोजन युवा सेना के जिलाध्यक्ष अवनीश आर्य और महानगर अध्यक्ष सनी प्रधान के नेतृत्व में किया गया। जन्मदिवस समारोह के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और संगठन की मजबूती के लिए संकल्प लिया।
इस अवसर पर शिवसेना प्रदेश महासचिव धर्मेन्द्र तोमर ने कहा कि आदित्य ठाकरे युवाओं के बीच एक लोकप्रिय और प्रेरणास्रोत नेता के रूप में उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकारों और युवाओं के मुद्दों को लेकर आदित्य ठाकरे हमेशा सक्रिय रहते हैं। उनकी सकारात्मक सोच और कार्यशैली से देशभर के लाखों युवा प्रभावित हैं और उनके विचारों का अनुसरण कर रहे हैं।
धर्मेन्द्र तोमर ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए आदित्य ठाकरे लगातार प्रयासरत हैं। यही कारण है कि युवा वर्ग में उनकी स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग भी दिया गया। चित्रपट सेना महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने अपनी टीम के साथ फिल्मी गीतों पर प्रस्तुतियां देकर समारोह में उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जन्मदिवस समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिवसेना एवं युवा सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदीप सक्सेना, यासीन खान, सुनील दत्त सैनी, शौकत सलमानी, विनीत जैन, रूपराम, राम सिंह यादव, आर.पी. सिंह, आकाश कन्नौजिया, अशोक चतुर्वेदी, अकरम सोम, अफजाल, मदन सक्सेना, अमित, महेन्द्र प्रजापति, प्रेम शंकर, अर्चित अग्रवाल, अहसान कुरैशी, हसनेन, जावेद, नवाब, संदीप जैन, सलीम, शाहिद, अमीर अहमद, अशरफ सुल्ताना मिर्जा, नूर मलिक, गौरव बाली, अमित भारती, मुकेश वर्मा, रतन सिंह, सिद्धार्थ बोस, दीपक वैश्य, इबाद्दुर्रहमान, आशीष शर्मा, जसवीर सिंह, सूर्य प्रताप, पवन पारचा, बी.के. शर्मा, शहजाद, मोनू, मुजाहिद, रजनीश सेठी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। जन्मदिवस समारोह पूरे उत्साह, सौहार्द और संगठनात्मक एकता के माहौल में संपन्न हुआ।