भैंसाली नमो भारत स्टेशन
मेरठ। नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने और स्टेशनों की व्यावसायिक संभावनाओं का विस्तार करने की दिशा में एनसीआरटीसी ने एक और पहल की है। एनसीआरटीसी ने मेरठ के भैंसाली नमो भारत स्टेशन पर कमर्शियल स्पेस को लीज पर देने के लिए लाइसेंसी के चयन हेतु निविदा आमंत्रित की है। इसके तहत स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर 400 वर्ग मीटर से अधिक प्राइम कमर्शियल स्पेस लीज पर दिया जाएगा।
हाई फुटफॉल वाले क्षेत्र में स्थित है कमर्शियल स्पेस
भैंसाली स्टेशन मेरठ के प्रमुख व्यावसायिक और रिहायशी क्षेत्रों के बीच स्थित है। स्टेशन से स्थानीय मेट्रो सेवाओं के साथ आसपास के घनी आबादी वाले क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों को कनेक्टिविटी मिलती है। अबू लेन, लालकुर्ती बाजार और सदर बाजार जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के नजदीक होने के कारण स्टेशन के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है।
एनसीआरटीसी के अनुसार, स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर उपलब्ध कमर्शियल स्पेस हाई फुटफॉल क्षेत्र में स्थित है। ऐसे में यहां कारोबार शुरू करने वाले संभावित लाइसेंसी को स्टेशन पर आने वाले यात्रियों और अन्य लोगों तक सीधी पहुंच मिल सकेगी।
रिटेल से लेकर कोचिंग और फूड आउटलेट तक हो सकेगा इस्तेमाल
उपलब्ध कराए जा रहे कमर्शियल स्पेस का इस्तेमाल विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक और यात्री सुविधाओं के लिए किया जा सकता है। इसमें रिटेल आउटलेट, को-वर्किंग स्पेस, कोचिंग सेंटर, ऑफिस, फूड एंड बेवरेज आउटलेट, कन्विनिएंस स्टोर और सर्विस सेंटर जैसी गतिविधियां शामिल हो सकती हैं।
स्टेशन परिसर में इस तरह की सुविधाएं विकसित होने से यात्रियों को रोजमर्रा की जरूरत की चीजें और सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे यात्रियों के समय की बचत के साथ उनकी यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने में भी मदद मिलेगी।

दिल्ली रोड पर स्थित है भैंसाली स्टेशन
भैंसाली नमो भारत स्टेशन को उसकी लोकेशन और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का भी लाभ मिलता है। दिल्ली रोड पर स्थित यह भूमिगत स्टेशन मेरठ के प्रमुख क्षेत्र बेगमपुल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है। स्टेशन की दिल्ली-मेरठ हाईवे और मेरठ एक्सप्रेसवे से भी कनेक्टिविटी है।
इसके अलावा भारतीय रेलवे का मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन भी इसके नजदीक स्थित है। स्टेशन के बाहर बस स्टैंड होने से यात्रियों को दिल्ली, मुजफ्फरनगर, शामली, रुड़की और हरिद्वार सहित विभिन्न शहरों के लिए बस सेवाओं की सुविधा भी मिलती है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों को मिलेंगी सुविधाएं
एनसीआरटीसी की योजना के अनुसार स्टेशन परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार से यात्रियों के साथ-साथ आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी फायदा मिलेगा। स्टेशन के भीतर रोजमर्रा की जरूरतों से संबंधित सेवाएं और रिटेल सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत कम हो सकती है।
स्टेशन की कनेक्टिविटी और लोगों की आवाजाही को देखते हुए यह स्थान रिटेलर्स, फूड एंड बेवरेज कारोबार तथा अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए व्यावसायिक गतिविधियों के लिहाज से उपयोगी हो सकता है।
स्टेशन परिसरों को यात्री-अनुकूल बनाने की पहल
एनसीआरटीसी का उद्देश्य ऐसी पहलों के माध्यम से नमो भारत स्टेशनों को जीवंत और यात्री-अनुकूल स्थानों के रूप में विकसित करना है। इसके साथ ही स्थानीय उद्यमों, रिटेलर्स और सेवा प्रदाताओं की भागीदारी को बढ़ावा देने की योजना है।

एनसीआरटीसी के मुताबिक, स्टेशन परिसरों में व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने से यात्रियों की सुविधाओं में इजाफा होने के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। इसके अलावा गैर-किराया स्रोतों से होने वाली आय में वृद्धि की संभावना भी है।
नमो भारत कॉरिडोर पर बढ़ रहा यात्री फुटफॉल
एनसीआरटीसी के अनुसार नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। कॉरिडोर अब तक 4.5 करोड़ से अधिक कम्यूटर ट्रिप्स का आंकड़ा पार कर चुका है और वर्तमान में करीब 1.1 लाख यात्री प्रतिदिन यात्रा कर रहे हैं।
हाल ही में कॉरिडोर पर एक दिन में 1.68 लाख से अधिक यात्रियों की सर्वाधिक संख्या दर्ज की गई। एनसीआरटीसी के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या नमो भारत को परिवहन के साधन के रूप में मिल रही स्वीकार्यता के साथ-साथ स्टेशन परिसरों में मौजूद व्यावसायिक संभावनाओं को भी दर्शाती है।
ई-टेंडर के माध्यम से ले सकेंगे भाग
भैंसाली स्टेशन पर उपलब्ध कमर्शियल स्पेस को लीज पर लेने के इच्छुक बिडर्स ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से निविदा में भाग ले सकते हैं। टेंडर की प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, नियम और शर्तों से संबंधित विस्तृत जानकारी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज के सीपीपी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।
इच्छुक संस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया और पात्रता शर्तों के अनुसार निविदा में भाग ले सकती हैं।