एसडी कालेज ने विजन एकेडमी को तीन दो से हराया
मेरठ। सनातन धर्म इंटर कॉलेज सदर के मैदान पर चल रही चार दिवसीय 14 वर्षीय बालक हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार सुबह खेला गया। रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में एसडी कॉलेज सदर की टीम ने विजन अकैडमी सिवाया को 3-2 गोल से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
60 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। एसडी कॉलेज सदर की ओर से मयंक त्यागी ने मैच के 17वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
इसके बाद 34वें मिनट में कृष्ण लोधी ने गोल कर एसडी सदर की बढ़त को मजबूत किया। मैच के 43वें मिनट में नवनीत सैनी ने तीसरा गोल कर टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद विजन अकैडमी सिवाया के खिलाड़ियों ने वापसी की कोशिश की और अनमोल चौहान तथा अक्षित चौहान ने एक-एक गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि अंतिम समय तक एसडी कॉलेज सदर की टीम ने अपनी बढ़त कायम रखी और 3-2 से फाइनल मुकाबला जीत लिया।
विजेता टीम को ट्रॉफी और मेडल देकर किया सम्मानित
फाइनल मुकाबले के बाद विजेता एसडी कॉलेज सदर टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर बाजार थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार रहे। वरिष्ठ अतिथि एसएसआई रामगोपाल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सनातन धर्म इंटर कॉलेज सदर के प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग और हॉकी कोच जोगिंदर सिंह ने थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार को बुके देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए हुआ आयोजन
हॉकी प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने बताया कि इस माह लखनऊ में 14 वर्षीय बालक वर्ग की के.डी. सिंह बाबू मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता आयोजित होनी है। इसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियों और खिलाड़ियों के चयन के उद्देश्य से चार दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 15 उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाएगा।
खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान रविंद्र पाल विहान, अलका पारस, राजेंद्र पिथोरिया और रामकुमार त्यागी सहित अन्य लोगों ने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
फाइनल मैच में निर्णायक की भूमिका आकाश चौहान और हॉकी प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने निभाई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन, प्रशिक्षकों और खेल से जुड़े लोगों का सहयोग रहा।