प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर विद्यार्थियों को किया जागरूक
मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भारत विकास परिषद, शास्त्री नगर शाखा के तत्वावधान में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को रोकने और इसके दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्लास्टिक से होने वाले स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय नुकसान के बारे में वैज्ञानिक तथ्यों के माध्यम से जानकारी दी गई।
मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्चन के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने की। भारत विकास परिषद, शास्त्री नगर शाखा के पदाधिकारी गिरीश शुक्ला ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया और परिषद की ओर से किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी।
विद्यार्थियों को वैज्ञानिक तथ्यों से समझाए प्लास्टिक के नुकसान
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डीएन कॉलेज, मेरठ के रसायन विज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. ए.के. शुक्ला उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल से होने वाले स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से बताया।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि प्लास्टिक का अनियंत्रित इस्तेमाल पर्यावरण के लिए गंभीर समस्या बन रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को गर्म भोजन और पेय पदार्थों के लिए प्लास्टिक के बर्तनों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी तथा प्लास्टिक के कचरे से मिट्टी और जल प्रदूषण की समस्या पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक लंबे समय तक नष्ट नहीं होता और इसके कारण पर्यावरण में प्रदूषण बढ़ता है। उन्होंने प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कपड़े के थैले तथा स्टील और कांच के बर्तनों के इस्तेमाल को अपनाने पर जोर दिया।
विद्यार्थियों ने लिया प्लास्टिक का उपयोग न करने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने तथा अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने खाने-पीने के लिए प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ ली।
प्रधानाचार्य ने सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने पर दिया जोर
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए भारत विकास परिषद का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों से प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
परिषद के पदाधिकारी और विद्यार्थी रहे मौजूद
इस अवसर पर भारत विकास परिषद शास्त्री नगर शाखा के उपाध्यक्ष राकेश बिंदल, श्रीमती वाणी, सत्य प्रकाश गौड़, नरेश कुमार और सुरेंद्र कुमार शर्मा सहित विद्यालय के समस्त आचार्यगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।