जिलाधिकारी ने किया दौराला और भरोटा के विद्यालयों का औचक निरीक्षण
मेरठ। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने गुरुवार को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय टांडी दौराला तथा भरोटा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षिक एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षिक समझ एवं सामान्य जानकारी को परखा।
विद्यार्थियों से संवाद कर किया उत्साहवर्धन
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी के सवालों के जवाब दिए। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए उत्तरों पर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने बच्चों को पेन भी वितरित किए और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नियमित अध्ययन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।
स्कूल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति की स्थिति भी देखी। इसके अलावा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, मिड-डे मील की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में कराए गए रिनोवेशन कार्यों की भी जानकारी ली और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विद्यालय में किए गए कार्यों और उपलब्ध व्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
छात्रा के घर पहुंचकर परिवार के साथ किया भोजन
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी छात्रा रितिका, पुत्री अशोक के घर भी पहुंचे। उन्होंने छात्रा के परिवार के साथ भोजन ग्रहण किया और बच्चों एवं अभिभावकों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली और बच्चों की पढ़ाई तथा विद्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं के बारे में संवाद किया।
मॉडल स्कूल विकसित करने पर जोर
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद में मॉडल स्कूल विकसित किए जाने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण के साथ आधुनिक एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद रहे।