पुलिस गिरफ्त में पच्चीस हजार इनामी
मेरठ। वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फलावदा पुलिस ने गौवध अधिनियम के एक मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवेज उर्फ पप्पू पुत्र शफीक के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक परवेज उर्फ पप्पू फलावदा थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसका हिस्ट्रीशीट नंबर HS-100A है। आरोपी के खिलाफ थाना फलावदा में दर्ज मुकदमा संख्या 89/2026 में धारा 3/5/8 गौवध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इसी मामले में वह वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी परवेज उर्फ पप्पू की उम्र करीब 30 वर्ष है। वह मूल रूप से कस्बा व थाना फलावदा का निवासी बताया गया है और वर्तमान में मवाना थाना क्षेत्र की इकरान नगर फरीद कॉलोनी में रह रहा था।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 से 2026 तक मेरठ जिले के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आयुध अधिनियम, गौवध अधिनियम, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ फलावदा, बहसूमा, परीक्षितगढ़, लोहियानगर और इंचौली थानों में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं।
इन मामलों में वर्ष 2021 में आयुध अधिनियम और गौवध अधिनियम के मुकदमों के अलावा हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज हुआ था। इसके बाद गैंगस्टर एक्ट, गौवध अधिनियम और आयुध अधिनियम के कई मामले अलग-अलग वर्षों में दर्ज किए गए।
न्यायालय में किया जा रहा पेश
फलावदा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल तेवतिया, उपनिरीक्षक शुभम सिंह, रामप्रकाश, अमरीश कुमार, शिवम दूबे, कांस्टेबल परमजीत, सोनित कुमार और रिजर्व कांस्टेबल विकास कुमार शामिल रहे।