मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर सक्षम अधिकारी को ज्ञापन सौंपते आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी
कमिश्नरी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन; मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की स्वतंत्र जांच की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
मेरठ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर आम आदमी पार्टी ने मंगलवार, 7 अक्टूबर को मेरठ में विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता कमिश्नरी पार्क में एकत्र हुए और वहां से जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचे। पार्टी ने SIR के नाम पर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे के साथ मतदाता सूची से जुड़े आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई।
‘मतदाता सूची में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं’: अंकुश चौधरी
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अंकुश चौधरी ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है और वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है। यदि मतदाता सूची को लेकर किसी प्रकार की अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं का निर्वाचन प्रक्रिया पर विश्वास कायम रहे।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा से जोड़कर देख रही है।

‘यह लड़ाई संविधान और मताधिकार की रक्षा की’
अंकुश चौधरी ने कहा कि पार्टी का यह आंदोलन केवल किसी चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मतदान के संवैधानिक अधिकार की रक्षा से जुड़ा है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है और किसी भी वैध मतदाता को उसके अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष और आम नागरिकों के वोट मतदाता सूची से हटाए जाने की शिकायतें गंभीर हैं। इन आरोपों की जांच कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखी जानी चाहिए।
कथित ‘वोट चोरी’ की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच की मांग
आम आदमी पार्टी ने मांग की कि मतदाता सूची में कथित हेराफेरी अथवा पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने संबंधी आरोपों की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। पार्टी ने मतदाता सूची को पारदर्शी तरीके से दुरुस्त करने और यदि किसी स्तर पर जानबूझकर अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।
अंकुश चौधरी ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव, मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर विभिन्न लोकतांत्रिक मंचों तक आवाज उठाती रहेगी।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में कैंट विधानसभा अध्यक्ष भरत लाल यादव, विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, जिला महासचिव हेम कुमार, जिला सचिव वैभव मलिक, अतुल नागर, गजेंद्र सिंह, राहुल खटीक, विचित्र सिसोदिया, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जोशी, पश्चिम प्रांत प्रभारी किसान प्रकोष्ठ रंजना तिवारी, जिला उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष रियाज मलिक, दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा आमिर, अनमोल कौरी, नावेद खान, असगर सिद्दीकी, दया सिंह, विकास रस्तौगी, मोहम्मद फिरोज, मुस्तकीम, साईश्ता, साइबा परवीन, राजू, यासीन मलिक, फलक चौहान, हबीब अंसारी, अशफाक अंसारी, हाजी यूनुस, आफाक अंसारी, नदीम, शादाब और गुलफाम सहित अन्य कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।