चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के सर छोटू राम इंजीनियरिंग संस्थान में शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विभिन्न प्रयोगशालाओं और तकनीकी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करतीं देवबंद की छात्राएं।
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ परिसर स्थित सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, देवबंद, सहारनपुर की 264 छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा एवं रोजगार की संभावनाओं को समझा।
शैक्षणिक भ्रमण में कक्षा 11 की 133 तथा कक्षा 12 की 131 छात्राओं सहित कुल 264 छात्राएं शामिल रहीं। इनके साथ विद्यालय के छह स्टाफ सदस्यों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर एक बजे हुआ। विश्वविद्यालय परिसर पहुंचने पर छात्राओं का स्वागत किया गया।
उच्च शिक्षा और करियर के अवसरों से छात्राओं को कराया परिचित
शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और रोजगारोन्मुख शिक्षा से परिचित कराना रहा। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न विभागों का भ्रमण कर संकाय सदस्यों से संवाद किया और भविष्य में उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध विकल्पों की जानकारी प्राप्त की।
पूरे कार्यक्रम का आयोजन डॉ. के.पी. सिंह के नेतृत्व में किया गया। उनके मार्गदर्शन में छात्राओं को अलग-अलग विभागों में ले जाकर वहां संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं तकनीकी सुविधाओं से अवगत कराया गया।
इंजीनियरिंग प्रयोगशालाओं में आधुनिक तकनीकों की जानकारी
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग में इंजीनियर विजय सिंह और डॉ. राकेश कुमार पांडेय ने छात्राओं को प्रयोगशालाओं एवं नवीन तकनीकों के बारे में बताया।
कंप्यूटर साइंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में डॉ. वी.के. राम और इंजीनियर प्रियंका सिंह ने कंप्यूटर एवं आईटी क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के महत्व और भविष्य में इससे जुड़े अवसरों की जानकारी दी गई।
मैकेनिकल एवं केमिकल इंजीनियरिंग विभाग में इंजीनियर योगेश कुमार तथा इंजीनियर राहुल प्रकाश ने छात्राओं को प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया और संबंधित विषयों की जानकारी प्रदान की।
कृषि पाठ्यक्रमों और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में बताया
कृषि विभाग में डॉ. निधि चौहान और डॉ. अर्चना शर्मा ने छात्राओं को कृषि शिक्षा एवं उससे संबंधित पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कृषि क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसरों से छात्राओं को परिचित कराया।
इसके अतिरिक्त डॉ. गौरव त्यागी ने विश्वविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों और प्रवेश संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। छात्राओं को अपनी रुचि और शैक्षणिक योग्यता के अनुसार भविष्य में पाठ्यक्रम चुनने के लिए उपयोगी जानकारी मिली।
छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण को बताया ज्ञानवर्धक
कार्यक्रम के दौरान भोजन एवं जलपान की व्यवस्था अजीत सिंह ने संभाली। आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं में धरनीधर पांडेय और अल्लाह नूर ने सहयोग प्रदान किया।
भ्रमण के समापन पर छात्राओं ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इस अनुभव को ज्ञानवर्धक बताया। विद्यालय के साथ आए स्टाफ सदस्यों ने सफल आयोजन और सहयोग के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्राओं को उच्च शिक्षा की संभावनाओं, तकनीकी पाठ्यक्रमों और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला।