मिशन शक्ति अभियान के दौरान पैदल मार्च करते पुलिस महकमे के अधिकारी एवं स्कूल कॉलेज की छात्राएं
क्षेत्राधिकारी मवाना ने महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का लिया जायजा, महिलाओं-बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी
मेरठ । शारदीय नवरात्रि के दौरान मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत सोमवार, 12 अक्टूबर को बहसूमा कस्बे में पुलिस ने पैदल मार्च किया। क्षेत्राधिकारी मवाना पंकज लवानिया ने थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार और पुलिस बल के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर महिला सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
पैदल मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के प्रति जागरूक किया। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181 तथा 1930 की जानकारी दी गई।
क्षेत्राधिकारी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने, सतर्कता बरतने और प्रभावी पुलिस गश्त बनाए रखने के निर्देश दिए। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।