पुलिस गिरफ्त में अवैध पटाखों का व्यापारी एवं बरामद माल
ब्रह्मपुरी पुलिस का दावा—बिक्री के लिए किया गया था भंडारण; सुतली बम, फ्लावर पॉट, हाइड्रो बम और शॉट वाले पटाखे मिले
मेरठ । ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने माधवपुरम स्थित एक मकान में छापा मारकर बिक्री के लिए रखे गए विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने मौके से मकान मालिक मनीष बंसल को गिरफ्तार किया। बरामदगी में सुतली बम समेत हजारों पटाखे और शॉट वाले पटाखों के कई कार्टून शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को माधवपुरम सेक्टर-1/3 की पुलिया के पास चेकिंग और गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेक्टर-1 निवासी मनीष बंसल ने अपने मकान में बिक्री के लिए पटाखों का भंडारण किया है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। पुलिस का कहना है कि तलाशी में अलग-अलग ब्रांड और किस्म के पटाखे मिले, जिसके बाद मनीष बंसल को गिरफ्तार कर लिया गया।
सुतली बम के 5,000 नग समेत कई तरह के पटाखे बरामदपुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, बरामदगी में सुतली बम के 10 कट्टे शामिल हैं। प्रत्येक कट्टे में 50 पैकेट और प्रत्येक पैकेट में 10 बम बताए गए हैं। इस तरह कुल 5,000 सुतली बम बरामद किए गए।
इसके अलावा 30 शॉट वाले पटाखों के दो कार्टून मिले, जिनमें कुल 40 पैकेट थे। 60 शॉट वाले एक कार्टून में 12 पैकेट और 100 शॉट वाला एक कार्टून भी बरामद हुआ। पुलिस ने मोरी छाप पेंटा प्लस के 225 नग, कॉकटेल बार के 72 नग और राजन फ्लावर पॉट के 1,200 नग मिलने की जानकारी दी है।
बरामद पटाखों में कॉर्नेशन नाजी ग्रीन के 800, राजन सिल्वर रेन टॉर्च के 100, श्रीकृष्ण सैमिक्स के 350 और जवान फ्लावर पॉट डीलक्स के 300 नग भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जवान ग्रीन प्रीमियम के 250, मुर्गा छाप मिनी बुलेट के 600, राजन हाइड्रो बम फॉइल्स के 750, टर्की क्रैकर्स के 2,800, डिजिटल बम के 60 और श्री अरुमुगम्स सीता-गीता के 50 पटाखे भी बरामद किए गए।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष बंसल पुत्र स्वर्गीय ब्रजलाल बंसल, निवासी सेक्टर-1 माधवपुरम, महाकालेश्वर मंदिर के निकट, थाना ब्रह्मपुरी, उम्र करीब 46 वर्ष के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना ब्रह्मपुरी में मुकदमा अपराध संख्या 406/2026 दर्ज किया गया है। प्रेस नोट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5A/9(b) का उल्लेख है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी के खिलाफ टीपीनगर थाने में वर्ष 2020 का धारा 188/269/270 भादवि का मुकदमा भी दर्ज बताया गया है। इसके अतिरिक्त मौजूदा पटाखा बरामदगी का मुकदमा भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत और उपनिरीक्षक अनुज कटियार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार और विवेक कुमार, कांस्टेबल विक्रम सिंह, महिला कांस्टेबल पूजा तथा हेड कांस्टेबल नरेंद्र यादव शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश और पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।