सहकारी गन्ना विकास समिति स्वार का औचक निरीक्षण करते उप गन्ना आयुक्त मुरादाबाद
रामपुर में चीनी मिल मिलक नारायणपुर और गन्ना समिति स्वार का औचक निरीक्षण; गाटा मैपिंग, शरदकालीन बुवाई और कृषि निवेशों की उपलब्धता परखी
रामपुर । शरदकालीन गन्ना बुवाई के दौरान किसान गन्ने के साथ गेहूं की सहफसली खेती अपनाकर अतिरिक्त आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उप गन्ना आयुक्त, मुरादाबाद ने किसानों को एफआईआरबी विधि से बुवाई करने के प्रति जागरूक करने और तकनीकी मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने 12 अक्टूबर को चीनी मिल मिलक नारायणपुर और सहकारी गन्ना विकास समिति स्वार का औचक निरीक्षण कर गन्ना विकास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान गाटा मैपिंग की प्रगति, शरदकालीन गन्ना बुवाई, गन्ने की यांत्रिक कटाई के लिए किसानों की सहमति और कृषि निवेशों की उपलब्धता का जायजा लिया गया। उप गन्ना आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और किसानों को समय पर तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
यांत्रिक कटाई के लिए 120 किसानों ने दी सहमति
चीनी मिल मिलक नारायणपुर में गन्ने की यांत्रिक कटाई की तैयारी की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक मिल क्षेत्र के 120 किसान मैकेनिकल हार्वेस्टर से गन्ने की कटाई के लिए सहमति दे चुके हैं। उप गन्ना आयुक्त ने चीनी मिल प्रबंधन को किसानों की सहमति की संख्या बढ़ाने और इसकी जानकारी एसजीके पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने मुंशीगंज गांव के किसान रामऔतार पुत्र जयकिशन के खेत पर पहुंचकर गन्ने की बंधाई के कार्य का निरीक्षण किया। चीनी मिल प्रबंधन के अनुसार, मिल क्षेत्र में अब तक आठ हजार हेक्टेयर गन्ने की बंधाई कराई जा चुकी है।

एफआईआरबी विधि से सहफसली खेती को बढ़ावा देने के निर्देश
उप गन्ना आयुक्त ने शरदकालीन गन्ना बुवाई में एफआईआरबी विधि से गन्ने के साथ गेहूं की सहफसली खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने चीनी मिल को निर्देश दिए कि किसानों को इस तकनीक के लाभों की जानकारी दी जाए, उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए और एफआईआरबी मशीन की उपलब्धता के लिए अपेक्षित सहयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत और रोगरोधी गन्ना प्रजातियों का चयन करने तथा निर्धारित बुवाई तकनीक अपनाने के लिए भी जागरूक किया जाए।
गाटा मैपिंग में तेजी और शुद्धता लाने के निर्देश
सहकारी गन्ना विकास समिति स्वार में उप गन्ना आयुक्त ने गाटा मैपिंग के कार्य का निरीक्षण किया। कार्य की महत्ता को देखते हुए उन्होंने समिति के सचिव और चीनी मिल मिलक नारायणपुर के महाप्रबंधक (गन्ना) को अतिरिक्त कार्मिक लगाकर मैपिंग में तेजी और शुद्धता लाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान समिति में शरदकालीन गन्ना बुवाई की प्रगति और किसानों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी समीक्षा की गई। उप गन्ना आयुक्त ने गन्ना समिति स्वार के खाद गोदाम में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया और उसका अनुरक्षित अभिलेखों से मिलान कराया।
इस अवसर पर गन्ना समिति स्वार के सचिव के साथ चीनी मिल मिलक नारायणपुर के यूनिट हेड दिनेश चहल, महाप्रबंधक (गन्ना) जितेन्द्र मलिक, उप महाप्रबंधक सतेन्द्र चौहान और मुख्य गन्ना विकास अधिकारी एस.के. त्रिपाठी उपस्थित रहे।