गोवंश के अवशेष का अंतिम संस्कार करते अन्तरराष्ट्रीय गौमाता सेवा महासंघ के युवा प्रदेश अध्यक्ष मयंक त्यागी एवं उनकी टीम
मेरठ। थाना किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव गोविंदपुरी में बम्बे के किनारे तीन गोवंशों के अवशेष मिलने से ग्रामीणों और गोसेवकों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर अंतरराष्ट्रीय गौ माता सेवा महासंघ के युवा प्रदेश अध्यक्ष मयंक त्यागी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते गांव के लोग भी वहां एकत्र हो गए और मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना पर थाना किला परीक्षितगढ़ के इंस्पेक्टर और गंगानगर के क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और गोसेवकों से बातचीत कर मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने तीन दिन के भीतर गोवंशों के अवशेष मिलने के मामले में जिम्मेदार लोगों को पकड़ने का भरोसा दिलाया।
पुलिस के साथ मिलकर दफनाए अवशेष
पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद गोसेवक मयंक त्यागी, कपिल शर्मा, अभिषेक गुर्जर, हिमांशु ठाकुर, प्रणव सैनी, हर्ष गोस्वामी और रजत त्यागी ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर गोवंशों के अवशेषों को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दफनाया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी इस कार्य में सहयोग किया।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो थाने के घेराव की चेतावनी
गोसेवकों ने कहा कि यदि तीन दिन के भीतर मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे थाने का घेराव करेंगे। मयंक त्यागी ने कहा कि क्षेत्र में गोवंशों के खिलाफ ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।