मेडिकल कालेज मेरठ में मनाया वर्ड ऐनेस्थीसिया डे
मेरठ। मेडिकल कॉलेज मेरठ में वर्ल्ड एनेस्थीसिया डे के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में एनेस्थीसिया के महत्व, इसके विकास और मरीजों की सर्जरी के दौरान तथा बाद में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट की भूमिका पर चर्चा की गई।
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि एनेस्थीसिया का अर्थ केवल मरीज को बेहोश करना नहीं है। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर 1846 को डब्ल्यू.टी.जी. मॉर्टन ने ईथर एनेस्थीसिया का सफल प्रदर्शन किया था। इसी ऐतिहासिक घटना की याद में हर वर्ष 16 अक्टूबर को वर्ल्ड एनेस्थीसिया डे मनाया जाता है।
सर्जरी से पहले, दौरान और बाद तक महत्वपूर्ण भूमिका
एनेस्थीसिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश मणिक ने बताया कि इस वर्ष की थीम “Before, During & Beyond Surgery” है। उन्होंने कहा कि एनेस्थीसियोलॉजिस्ट की भूमिका ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया देने तक सीमित नहीं होती, बल्कि मरीज की सर्जरी से पहले की तैयारी और ऑपरेशन के बाद की देखभाल में भी उनका योगदान रहता है।
डॉ. विपिन धामा ने प्रस्तुति के माध्यम से एनेस्थीसिया के विकास और चिकित्सा क्षेत्र में इसकी बदलती भूमिका पर जानकारी दी। सह-आचार्य डॉ. श्वेता ने बताया कि एनेस्थीसियोलॉजिस्ट पेरीऑपरेटिव फिजिशियन, इंटेंसिविस्ट और पेन मैनेजमेंट विशेषज्ञ के रूप में भी काम करते हैं। उन्होंने कोविड महामारी के दौरान और उसके बाद आईसीयू में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान उन्होंने गंभीर मरीजों की देखभाल की और अनेक मरीजों की जान बचाने में योगदान दिया।
फेलोशिप और नियमित सीपीआर प्रशिक्षण
कार्यक्रम में बताया गया कि एनेस्थीसियोलॉजी विभाग सीनियर रेजिडेंट्स के लिए रीजनल और ऑब्सटेट्रिक्स एनेस्थीसिया में एक वर्षीय फेलोशिप कार्यक्रम संचालित कर रहा है। विभाग की ओर से नर्सिंग स्टाफ, जूनियर डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों को नियमित रूप से सीपीआर प्रशिक्षण भी दिया जाता है।
विभाग के अनुसार, मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर आधारित एनेस्थीसिया प्रबंधन से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग, जूनियर डॉक्टरों की शैक्षणिक ट्रेनिंग और मरीजों की संतुष्टि सुनिश्चित करने में मदद मिली है।
कार्यक्रम में डॉ. सुभाष, डॉ. रवि, डॉ. संगीता, डॉ. प्रमोद, डॉ. अंजली, डॉ. सुधीर, डॉ. ज्योति, डॉ. आयुषि और डॉ. मनीष सहित सीनियर व जूनियर रेजिडेंट्स, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने विभाग को शुभकामनाएं दीं।