सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज के छात्रावास में 17 अक्टूबर 2026 को प्रथम वर्ष की नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत के लिए समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्या प्रोफेसर निवेदिता मलिक के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम का आयोजन छात्रावास की वरिष्ठ छात्राओं ने किया।
प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने छात्राओं को छात्रावास में अनुशासन और संयम के साथ रहने तथा आपसी सहयोग और बिना भेदभाव के व्यवहार करने की प्रेरणा दी।
समारोह में नवप्रवेशी छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बीए प्रथम वर्ष की दिव्यानी को मिस फ्रेशर चुना गया, जबकि एमए संगीत विभाग की प्रथम वर्ष की छात्रा प्रिया विश्वास रनर-अप रहीं। बीए प्रथम वर्ष की आदिश्री मुखिया को मिस कॉन्फिडेंट और एमएससी प्रथम वर्ष की पायल को मिस ऑडियंस फेवरेट का खिताब मिला। निर्णायक मंडल में डॉ. मधु मलिक, डॉ. गरिमा मलिक और डॉ. अनुपमा सिंह शामिल रहीं। चुनी गई छात्राओं को क्राउन पहनाकर उपहार दिए गए।
सत्र 2025–26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। हेड गर्ल सिमरन चौहान, एमएससी द्वितीय वर्ष, और डिप्टी हेड गर्ल अपूर्वा शर्मा, एमएससी प्रथम वर्ष, को मेडल दिए गए। अनुशासन समिति की इंचार्ज गुलशन चौधरी, डिप्टी इंचार्ज श्रुति शर्मा और सदस्य गरिमा गौर को सम्मानित किया गया। कल्चरल कमेटी से इतिशा राणा और आयुषी चौधरी, मेडिकल समिति से इंचार्ज सृष्टि और विनय चौधरी, सैनिटेशन कमेटी से खुशी तोमर, वंशिका मलिक और रूप वैशाली तथा मैस कमेटी से अदिति खोकर और आस्था तोमर को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नृत्य, गायन और काव्य-पाठ जैसी प्रस्तुतियां दीं। नवप्रवेशी छात्राओं ने सुंदर परिधानों में विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और समारोह का आनंद लिया। कार्यक्रम की आयोजन सचिव छात्रावास वार्डन डॉ. मधु मलिक रहीं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा सभी प्रतिभागियों का आभार जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में साक्षी और सोनिया का विशेष योगदान रहा।