सड़क निर्माण की मांग को लेकर शहर विधायक रफीक अंसारी को ज्ञापन देते कोशिश सामाजिक संगठन के पदाधिकारी
मेरठ। ‘कोशिश’ सामाजिक संगठन ने थाना कोतवाली के पिछले गेट से लिसाड़ी गेट चौराहे तक करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग की मरम्मत और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है। संगठन ने इस संबंध में नगर विधायक रफीक अंसारी को पत्र लिखकर मार्ग की खराब स्थिति से अवगत कराया और विधायक निधि से कार्य कराने का अनुरोध किया है।
पत्र में संगठन ने कहा है कि मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे इस रास्ते से गुजरने वाले पैदल यात्रियों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पत्र के अनुसार, गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं और स्कूली बच्चों को ले जाने वाले ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं भी सामने आती हैं।
संगठन ने बताया कि यह मार्ग कई मोहल्लों को जोड़ता है और शहर के व्यस्त रास्तों में शामिल है। नगर निगम को समस्या से कई बार अवगत कराने के बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। संगठन ने विधायक से जल्द निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे इस मार्ग का नियमित उपयोग करने वाले नागरिकों को राहत मिलेगी।
पत्र पर संगठन के अध्यक्ष अजय सेठी, महामंत्री संजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष आदिल सिद्दीकी और मंत्री करन कामरा के नाम दर्ज हैं।