मेडिकल क्षेत्र स्थित मनसा देवी मंदिर में 675 वां अभियान चलाते "पहल एक प्रयास" संस्था के पदाधिकारी
मेरठ। ‘पहल एक प्रयास’ के स्वयंसेवकों ने अपने 675वें अनवरत साप्ताहिक जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान के तहत गढ़ रोड स्थित मनसा देवी मंदिर परिसर में सफाई की। नवरात्र के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और भंडारों के बाद फैलने वाले कचरे को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व कप्तान पुष्पा चिकारा और कर्नल शैली रस्तोगी ने किया। स्वयंसेवकों ने परिसर से इस्तेमाल की गई पत्तलें, चम्मच और जूठन के साथ बचा हुआ भोजन उठाकर एक स्थान पर एकत्र किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर मंदिर परिसर को साफ रखने और कचरा इधर-उधर न डालने की अपील की। स्वयंसेवकों ने लोगों की जिज्ञासाओं का जवाब भी दिया।
‘पहल एक प्रयास’ के स्वयंसेवक हर नवरात्र में अष्टमी या नवमी के अवसर पर मनसा देवी मंदिर में अभियान चलाते हैं। उनका उद्देश्य लोगों को अपने इस्तेमाल के बाद पत्तलें और भोजन स्वयं उठाकर निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस तरह लोग अपने घर को साफ रखते हैं, उसी तरह देवालयों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का भी ध्यान रखें।
अभियान में हर्षवर्धन राघव, दृष्टि प्रजापति, दैविक प्रजापति, भव्य जैन, उदय चौधरी, संग्राम सिंह, किरण चौधरी, अनु भाटिया, कविता बैम्बी, अर्चना उपाध्याय, राजीव अग्रवाल, पंकज पहल और अरुण शर्मा ने सहयोग किया।