प्रतियोगिता के प्रतिभागी को पुरस्कृत करते आयोजक मंडल के पदाधिकारी
मेरठ। जिला शतरंज खेल संघ मेरठ की देखरेख में रविवार, 18 अक्टूबर को के.एल. निशिथा चेस एकेडमी में एक दिवसीय मेरठ ओपन सीनियर सेलेक्शन चेस टूर्नामेंट आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में मेरठ जिले के 8 से 80 वर्ष तक की आयु के लगभग 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें 30 अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त खिलाड़ी भी शामिल रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष चार खिलाड़ियों का चयन 23 से 26 अक्टूबर तक गाजियाबाद में होने वाली उत्तर प्रदेश स्टेट सीनियर शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों में निष्काम बंसल, मेर इरशाद, दिव्यांशु शर्मा और ध्रुव जैन शामिल हैं।
निष्काम बंसल रहे प्रथम
प्रतियोगिता में निष्काम बंसल ने पहला, मेर इरशाद ने दूसरा, दिव्यांशु शर्मा ने तीसरा और ध्रुव जैन ने चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा एकलव्य गोयल पांचवें, यश त्यागी छठे, हर्ष चौधरी सातवें, भविष्य शर्मा आठवें, शुभ कुशवाह नौवें और आर्यमन राजवंशी दसवें स्थान पर रहे।
विशेष पुरस्कारों में निष्ठा त्यागी को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी, विजय कुमार शर्मा को सर्वश्रेष्ठ वेटरन और देवाशी को सर्वश्रेष्ठ अंडर-12 खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया।
पदाधिकारियों ने किया पुरस्कार वितरण
पुरस्कार वितरण समारोह में संजय सिंह सैनी के साथ जिला शतरंज खेल संघ के सचिव डॉ. विनीत त्यागी, कार्यकारी सचिव विवेक त्यागी और कोषाध्यक्ष प्रीति त्यागी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर शोभित जैन, आवारा शर्मा और रजनीश मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।