प्रदेशीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में विजयी मेरठ मण्डल की टीम
मुरादाबाद, 18 अक्टूबर। प्रदेशीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता सत्र 2026-27 के तहत अंडर-19 और अंडर-17 वर्ग के मुकाबले 15 से 18 अक्टूबर तक मुरादाबाद मंडल में आयोजित किए गए। प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग में मेरठ मंडल की बालिका क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में मेरठ मंडल ने वाराणसी मंडल की टीम को छह विकेट से पराजित किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान मेरठ मंडल की खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। टीम की इस उपलब्धि से खिलाड़ियों, उनके विद्यालयों और खेल जगत में खुशी का माहौल है।
डॉली को बेस्ट बॉलर, किंजल चौधरी बनीं बेस्ट बैट्समैन
मेरठ मंडल की कप्तान डॉली को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट गेंदबाजी के लिए बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया। डॉली श्री महावीर शिक्षा सदन इंटर कॉलेज, जैन नगर, मेरठ की छात्रा हैं। वहीं, किंजल चौधरी को बेस्ट बैट्समैन के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वह गोल्डन बेल्स एकेडमी, पठानपुरा, मेरठ की छात्रा हैं।
टीम की मैनेजर श्रीमती प्रवीण लता यादव, श्री महावीर शिक्षा सदन इंटर कॉलेज, जैन नगर, मेरठ से हैं, जबकि टीम की कोच कशिश यादव सेठ बी.के. माहेश्वरी इंटर कॉलेज से जुड़ी हैं। खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और टीम के बेहतर तालमेल ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई।
विजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन समारोह में संयुक्त शिक्षा निदेशक, द्वादश मंडल मुरादाबाद, जिला विद्यालय निरीक्षक मुरादाबाद ऋतु तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक अमरोहा और एडीएम सिटी मुरादाबाद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेरठ मंडल की विजेता टीम के प्रदर्शन की सराहना की और खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
मेरठ मंडल की यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, नियमित अभ्यास और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। इस उपलब्धि से क्षेत्र की अन्य बालिका खिलाड़ियों को भी खेल में आगे बढ़ने और प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।