पत्रकार नसीम (फाइल फोटो)
आज़ाद अधिकार सेना ने डीजीपी और मानवाधिकार आयोग को भेजा पत्र; पुलिस की भूमिका और सीओ के बयान की जांच कराने की मांग
हापुड़ । जनपद हापुड़ में दैनिक समाचार पत्र से जुड़े पत्रकार नसीम की कथित तौर पर मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में आज़ाद अधिकार सेना ने निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है। संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेन्द्र सिंह राणा ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और मानवाधिकार आयोग को पत्र भेजकर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की अपील की है।

संगठन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, नसीम दीपावली के विज्ञापन के सिलसिले में एक फ्लोर मिल गए थे, जहां उनके साथ मारपीट की गई। संगठन ने इस घटना को लेकर पत्रकारों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है। मामले के तथ्यों और घटना के क्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
देवेन्द्र सिंह राणा ने मामले में सीओ हापुड़ देहात के बयान की सत्यता और परिस्थितियों की भी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गंभीर आपराधिक घटनाओं में पुलिस की कार्रवाई पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात सामने आता है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

आज़ाद अधिकार सेना ने मांग की है कि नसीम की मौत के मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई हो और पुलिस की भूमिका तथा संबंधित अधिकारी के बयान की जांच की जाए। संगठन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता और आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

पत्र की प्रतियां मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन; अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग; आयुक्त, मेरठ मंडल; पुलिस अधीक्षक, हापुड़; अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन; पुलिस उपमहानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र और जिलाधिकारी, हापुड़ को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।