खादी महोत्सव कार्यक्रम में राम स्तुति से भक्तिमय हुआ वातावरण
मेरठ। मंडलीय खादी महोत्सव में सोमवार की शाम भक्ति संगीत और भारतीय संस्कृति के नाम रही। सुर-संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने श्रीराम स्तुति पर आधारित प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इससे पहले नेहरू युवा केंद्र की ओर से नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों को मंच के माध्यम से दर्शाते हुए लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया।
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल की ओर से आयोजित महोत्सव में सोमवार शाम चार बजे नुक्कड़ नाटक हुआ। इसके बाद शाम छह से आठ बजे तक सुर-संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भक्ति संगीत और नृत्य के संगम से सजी श्रीराम स्तुति प्रस्तुत की। विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और मंच पर उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को सराहा
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी और सेवानिवृत्त जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्येंद्र कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आज कला वाटिका की प्रस्तुति में दिखेगा भगवान नरसिम्हा का स्वरूप
महोत्सव में मंगलवार को कला वाटिका की ओर से नृत्य कला पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भगवान नरसिम्हा की प्रस्तुति प्रमुख आकर्षण रहेगी। पौराणिक प्रसंग पर आधारित इस कार्यक्रम में नृत्य और अभिनय के माध्यम से भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा की झलक दिखाई जाएगी।
आठ राज्यों के उत्पाद बने आकर्षण
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव में खरीदारी के लिए भी लोगों की रुचि बनी हुई है। मेले में आठ राज्यों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक वस्तुओं के साथ खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पाद लोगों को स्वदेशी खरीदारी का अवसर दे रहे हैं।
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना तथा पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना है। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करने के लिए महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।