विजयदशमी पर शस्त्र पूजा करते बजरंग दल के पदाधिकार एवं कार्यकर्ता
मेरठ। विजयादशमी के अवसर पर बजरंग दल मेरठ महानगर की ओर से प्रांत कार्यालय में हवन और शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से हवन किया और शस्त्रों का पूजन कर राष्ट्र रक्षा तथा धर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर धर्मेंद्र चौहान और पुष्पेंद्र त्यागी अपनी धर्मपत्नी के साथ यजमान रहे।
“शस्त्र रक्षा के लिए और शास्त्र संस्कार के लिए”
कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री अरुण पाञ्चजन्य ने कहा कि शस्त्र पूजन भारतीय परंपरा का अभिन्न अंग है और इसे शक्ति, साहस तथा आत्मरक्षा के दायित्व का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का संदेश है कि समाज को शस्त्र और शास्त्र—दोनों से सुसज्जित रहना चाहिए। शस्त्र रक्षा के लिए हैं, जबकि शास्त्र संस्कार और सही मार्ग दिखाने के लिए हैं।

उन्होंने कहा कि बजरंग दल समाज में सेवा, संस्कार, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने के लिए कार्यरत है। विजयादशमी का पर्व सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक रहने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
विश्व बंधुत्व के साथ सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का आह्वान
अरुण पाञ्चजन्य ने कहा कि भारत में विश्व बंधुत्व का संदेश देने की क्षमता और जिम्मेदारी है, लेकिन इसके साथ आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के प्रति भी सचेत रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर युग में धर्म और अधर्म के बीच संघर्ष हुआ है और धर्म की विजय का विश्वास भारतीय परंपरा का प्रमुख संदेश है। उन्होंने भगवान श्रीराम से राष्ट्र को चुनौतियों पर विजय दिलाने और सभी को धर्म के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में महानगर संगठन मंत्री विनय प्रकाश, महानगर मंत्री पवन कश्यप, महानगर संयोजक हिमांशु शर्मा, अमित प्रजापति, पुनीत, रोहित और विशाल धानक सहित बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।