स्वरोजगार की कार्यशाला के उपरांत बांटे प्रमाण पत्र
मेरठ, 21 अक्टूबर। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के जंतु विज्ञान विभाग में संचालित 33 घंटे के सर्टिफिकेट कोर्स “ऑर्नामेंटल फिश कल्चर एंड एक्वेरियम मैनेजमेंट” का समापन समारोह बुधवार को उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने पाठ्यक्रम के अनुभव साझा किए और सजावटी मछली पालन तथा एक्वेरियम प्रबंधन के रोजगारपरक महत्व पर चर्चा की।
एक्वेरियम प्रबंधन और मछलियों की देखभाल का मिला प्रशिक्षण
समापन समारोह की शुरुआत प्रतिभागियों के फीडबैक से हुई। विद्यार्थियों ने एक्वेरियम की स्थापना और रखरखाव, सजावटी मछलियों की पहचान एवं प्रजनन, भोजन प्रबंधन, मछलियों के स्वास्थ्य और पानी की गुणवत्ता बनाए रखने से जुड़े प्रशिक्षण सत्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण और विशेषज्ञों के व्याख्यानों से उन्हें इस क्षेत्र की नई जानकारियां मिलीं।

प्रतिभागियों ने पाठ्यक्रम को कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की दिशा में उपयोगी पहल बताया। कार्यक्रम में छोटे स्तर पर एक्वेरियम व्यवसाय शुरू करने, सजावटी मछलियों के व्यावसायिक उत्पादन और इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारी
समारोह में सेवानिवृत्त प्रोफेसर कल्पना चौधरी ने एक्वेरियम से जुड़े लघु उद्योगों और स्वरोजगार के अवसरों पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, व्यवसाय शुरू करने में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए जंतु विज्ञान विभाग से मार्गदर्शन और परामर्श लेने का सुझाव दिया।
प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने पाठ्यक्रम में विशेष रुचि, प्रतिभा और सक्रिय सहभागिता दिखाने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कौशलपरक पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और रोजगार क्षमता को बढ़ाने में सहायक होते हैं।

जंतु विज्ञान एसोसिएशन का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त प्रोफेसर कल्पना चौधरी ने जंतु विज्ञान एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बैज पहनाकर एसोसिएशन का औपचारिक उद्घाटन किया। कॉलेज के अनुसार, इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि, शैक्षणिक सहभागिता और विभागीय गतिविधियों में सक्रियता को प्रोत्साहित करना है।
परीक्षा में अलीशा त्यागी ने हासिल किया पहला स्थान
सर्टिफिकेट कोर्स के अंतर्गत आयोजित बहुविकल्पीय परीक्षा में अलीशा त्यागी (एम.एससी.) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नेहा मलिक (एम.एससी.) दूसरे और कामिनी शर्मा (एम.एससी.) तीसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को पारितोषिक देकर उनके प्रदर्शन की सराहना की गई।
कार्यक्रम के अंत में कोर्स कोऑर्डिनेटर प्रो. मंजू सिंह ने पाठ्यक्रम के संचालन और समापन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी, मिस काजल, मिस लाइबा सैफी, श्रीमती प्रियंका, श्री मनोज, विजय, रिया, भूमि, नेहा, पायल, ईशी और लक्ष्मी सहित सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया। आयोजन की जानकारी मीडिया प्रभारी प्रो. सुनीता सिंह और डॉ. पूनम लता सिंह ने दी।