किसान दिवस पर आयोजित बैठक में अपनी मांगों के निस्तारण हेतु मांगपत्र देते भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ता
मेरठ, 21 अक्टूबर। गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी समेत किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) 23 अक्टूबर को लखनऊ के डालीबाग स्थित गन्ना संस्थान में पंचायत करेगी। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में मेरठ से सैकड़ों किसान 22 अक्टूबर की शाम नौचंदी एक्सप्रेस से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
संगठन ने किसानों और अन्य यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नौचंदी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की है। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक, सिटी रेलवे स्टेशन मेरठ और रेलवे पुलिस बल को मांगपत्र सौंपा गया है। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के अनुसार, ट्रेन में कम से कम पांच अतिरिक्त कोच लगाए जाने चाहिए, ताकि लखनऊ जाने वाले किसानों और अन्य यात्रियों को असुविधा न हो।
गन्ने की लागत बढ़ने पर मूल्य वृद्धि की मांग
अनुराग चौधरी ने कहा कि गन्ने की खेती में लागत बढ़ रही है, जबकि उत्पादन कम होने से किसान परेशान हैं। पंचायत में गन्ना मूल्य बढ़ाने के साथ किसानों की अन्य समस्याओं को भी उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ जाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में किसान पंचायत में शामिल होंगे।

किसान दिवस में पुरानी समस्याओं के समाधान पर जताई नाराजगी
इससे पहले बुधवार को विकास भवन में जिलाधिकारी वीके सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित हुआ। इसमें मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में किसान भी बैठक में शामिल हुए।
किसान दिवस में पिछले माह दिए गए मांगपत्रों और समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की गई। संगठन के अनुसार, पिछले माह दर्ज 73 समस्याओं में से करीब 24 का समाधान नहीं हुआ है। लंबित समस्याओं पर जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने नाराजगी जताई और किसानों की शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं।
एक सप्ताह में समाधान कराने का आश्वासन
जिलाधिकारी वीके सिंह ने किसान दिवस के प्रभारी अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया को लंबित समस्याओं पर दोबारा कार्रवाई करने और एक सप्ताह में समाधान कराकर किसानों को जानकारी देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने किसानों को उनकी समस्याओं के प्राथमिकता से निस्तारण का आश्वासन भी दिया।
बैठक में किसानों ने करीब 25 नई समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत कीं। इनमें गन्ना मूल्य, गन्ने की घटतौली रोकने, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नए पानी के कनेक्शन, खतौनी में अंश निर्धारण की गलतियों को ठीक करने और आगामी सत्र में डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसी मांगें शामिल रहीं।
इस दौरान अनुराग चौधरी के साथ मोनू टिकरी, वीरेंद्र महपा, विनोद, कृष्णपाल, रविंद्र, विनय, डीके, मनोज शर्मा, सत्येंद्र, वीरपाल, हरेंद्र और संदीप सहित अन्य किसान मौजूद रहे।