त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए एमडी ने किया जागृति विहार उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण
अनुरक्षण कार्यों और ट्रांसफार्मरों की स्थिति का लिया जायजा
मेरठ । आगामी त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुचारु और निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के उद्देश्य से पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री रवीश गुप्ता (आईएएस) ने जागृति विहार प्रथम और जागृति विहार द्वितीय स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपकेंद्रों में स्थापित विद्युत उपकरणों, बिजली लाइनों और पावर ट्रांसफार्मरों के अनुरक्षण कार्यों का विस्तृत जायजा लिया।
ट्रांसफार्मर के तय मानकों के अनुसार रखरखाव के निर्देश
प्रबंध निदेशक ने बिजलीघर पहुंचकर पावर ट्रांसफार्मर का लोड, ऑयल लेवल, अर्थिंग तथा डब्ल्यूटीआई और ओटीआई की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुरक्षण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किए जाएं, ताकि ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों को क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सके।
उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर, बैटरी चार्जर और अन्य सुरक्षा उपकरणों के उचित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उपकेंद्र और यार्ड की साफ-सफाई तथा रखरखाव व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, जिसे संतोषजनक पाया गया।
उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व में वृद्धि के लिए भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी रोकने के लिए पूरी गंभीरता से काम किया जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने बिजलीघर की लॉगशीट सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को लाइनों पर काम के दौरान सुरक्षा उपकरणों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के बिना बिजली लाइन पर काम न किया जाए।
अधिकारी और कर्मचारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान स्टाफ ऑफिसर श्री सोनम सिंह, 11 केवी के अधिशासी अभियंता श्री प्रशांत सोनी, 33 केवी के अधिशासी अभियंता श्री मृत्युंजय शाही सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।