विकास भवन सभागार में व्यापारी बंधुओ की बैठक को संबोधित करते जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ, 24 अक्टूबर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संयोजन राज्य कर विभाग, मेरठ के उपायुक्त (प्रशासन) जितेन्द्र कुमार रमन ने किया। इसमें व्यापारियों से जुड़ी कुल 17 समस्याएं रखी गईं। इनमें से करीब पांच समस्याओं का निस्तारण व्यापारी हित में कराया गया।
लंबित मामलों के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश
बैठक में लंबित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की समीक्षा कर समाधान और निस्तारण के लिए निर्देशित किया। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े व्यापारिक मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के सामने रखा गया।
ब्याज और अर्थदंड माफी योजना की जानकारी दी
व्यापारियों को उत्तर प्रदेश सरकार की ब्याज और अर्थदंड माफी योजना-2026 की जानकारी दी गई। योजना के तहत 16 अक्टूबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक समस्त बकाया जमा करने पर लागू ब्याज और अर्थदंड में माफी का प्रावधान बताया गया। बैठक में उपस्थित व्यापारी आशीष चौधरी ने बताया कि राज्य कर विभाग, मेरठ में उनका एक बकाया लंबित है। उन्होंने इसे ब्याज माफी योजना के अंतर्गत जमा करने की बात कही।
विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम मेरठ के अधिशासी अभियंता, पुलिस अधीक्षक (यातायात), मेरठ छावनी के कार्यकारी अधिकारी और सीईओ, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता, आवास विकास परिषद के निर्माण खंड-5 के अधिशासी अभियंता तथा सहायक परिवहन अधिकारी मौजूद रहे। इनके अलावा व्यापार बंधु और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।